अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग (BSUSC), पटना ने राज्य के विश्वविद्यालयों और नवगठित राजकीय डिग्री कॉलेजों में संविदा के आधार पर सहायक प्रोफेसर के 3,674 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं। इच्छुक उम्मीदवार 15 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी और आवेदन एचईडी समर्थ पोर्टल के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे।
राज्य के विश्वविद्यालयों और नए कॉलेजों में होगी नियुक्ति
इस भर्ती अभियान के तहत बिहार के विभिन्न विश्वविद्यालयों के साथ-साथ 211 नवगठित राजकीय डिग्री कॉलेजों में सहायक प्रोफेसरों की नियुक्ति की जाएगी। लंबे समय से शिक्षकों की कमी से जूझ रहे कॉलेजों को इससे राहत मिलने की उम्मीद है। आयोग का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया तय समयसीमा के भीतर पूरी करने की तैयारी की गई है।
आवेदन की महत्वपूर्ण तारीखें
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 3 जुलाई 2026 से शुरू हो चुकी है। आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 जुलाई 2026 है।इसके बाद 17 और 18 जुलाई को आवेदन पत्रों की जांच और साक्षात्कार की सूचना जारी की जाएगी। संभावित साक्षात्कार 20 से 27 जुलाई के बीच होंगे। योग्यता सूची 29 जुलाई को जारी की जा सकती है। 30 जुलाई को कॉलेजों की अस्थायी प्राथमिकता सूची जारी होगी, जबकि 1 अगस्त को अस्थायी अंतिम आवंटन किया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को 7 अगस्त 2026 तक ज्वाइन करना होगा।
कौन कर सकता है आवेदन?
सहायक प्रोफेसर पद के लिए उम्मीदवार के पास संबंधित विषय में मास्टर डिग्री होना जरूरी है। इसके साथ NET, SLET या SET परीक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है।हालांकि, यूजीसी के 2009 या 2016 के नियमों के तहत पीएचडी करने वाले उम्मीदवारों को NET से छूट मिलेगी। ऐसे अभ्यर्थी सीधे आवेदन कर सकते हैं।जो उम्मीदवार यूजीसी 2009 नियम लागू होने से पहले पीएचडी में पंजीकृत हुए थे, वे निर्धारित शर्तें पूरी करने पर NET छूट का लाभ ले सकते हैं।विदेश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों से पीएचडी करने वाले उम्मीदवार भी आवेदन के पात्र होंगे। इसके लिए संबंधित विश्वविद्यालय का QS, THE या ARWU विश्व रैंकिंग में शीर्ष 500 संस्थानों में शामिल होना जरूरी है। जिन विषयों में NET, SLET या SET परीक्षा आयोजित नहीं होती, वहां यह शर्त लागू नहीं होगी।
आयु सीमा भी जान लें
इस भर्ती के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 21 वर्ष रखी गई है। वहीं, 1 अगस्त 2026 के अनुसार अधिकतम आयु 43 वर्ष निर्धारित की गई है।आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को बिहार सरकार के नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में नियमानुसार छूट मिलेगी।
ऐसे करें आवेदन
उम्मीदवार एचईडी समर्थ पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करते समय सभी जरूरी दस्तावेज, शैक्षणिक प्रमाणपत्र और अन्य आवश्यक जानकारी सही तरीके से भरना जरूरी होगा। अंतिम तिथि का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवेदन करना बेहतर रहेगा, ताकि किसी तकनीकी परेशानी से बचा जा सके।
इसे भी पढ़ें : धनबाद के बियर बारों में धड़धड़ाते घुसे DSP प्रकाश सोय, फिर क्या हुआ… जानें

