अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : झारखंड में सरकारी शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने राज्य में विशेष सहायक शिक्षक के हजारों पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती के तहत डीएड और बीएड योग्य अभ्यर्थियों को आवेदन का अवसर दिया गया है।
कितने पदों पर होगी भर्ती
JSSC द्वारा जारी सूचना के अनुसार, कुल 3451 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। यह भर्ती झारखंड इंटरमीडिएट एवं स्नातक प्रशिक्षित विशेष शिक्षा सहायक शिक्षक संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2025 के माध्यम से की जाएगी। इच्छुक उम्मीदवार 13 जनवरी 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
कौन कर सकता है आवेदन
इस भर्ती में पुरुष और महिला दोनों उम्मीदवार आवेदन के पात्र हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि आरक्षण का लाभ केवल झारखंड के मूल निवासियों को ही मिलेगा। अन्य राज्यों के उम्मीदवार सामान्य वर्ग में आवेदन कर सकेंगे।
इंटरमीडिएट प्रशिक्षित विशेष सहायक शिक्षक पद
इंटरमीडिएट प्रशिक्षित श्रेणी में 2399 पद भरे जाएंगे। इसके लिए उम्मीदवार का कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ 12वीं पास होना जरूरी है। साथ ही विशेष शिक्षा में डीएड की डिग्री अनिवार्य है।
उम्मीदवार का भारतीय पुनर्वास परिषद से पंजीकरण और झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है। चयनित उम्मीदवारों को 25,500 से 81,100 रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा।
स्नातक प्रशिक्षित विशेष सहायक शिक्षक पद
स्नातक प्रशिक्षित श्रेणी में 1052 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए उम्मीदवार का संबंधित विषय में कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक होना जरूरी है। इसके अलावा विशेष शिक्षा में बीएड, RCI से पंजीकरण और JTET उत्तीर्ण होना अनिवार्य है।
इन पदों पर चयनित उम्मीदवारों को 29,200 से 92,300 रुपये तक वेतन दिया जाएगा।
आयु सीमा
उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष से कम होनी चाहिए। आयु की गणना 01 अगस्त 2025 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।
आवेदन शुल्क
सामान्य वर्ग: 100 रुपये
झारखंड एससी और एसटी वर्ग: 50 रुपये
दिव्यांग उम्मीदवार: कोई शुल्क नहीं
इसे भी पढ़ें : CTET 2026 : अंतिम तारीख नजदीक, न चूकें टीचर बनने का मौका



