अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : आईपीएल से बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को बाहर किए जाने के बाद भारत और बांग्लादेश के बीच विवाद और गहरा गया है। अब इस मामले का असर सीधे टी20 विश्व कप पर पड़ता दिख रहा है।
भारत नहीं आएगी बांग्लादेश की टीम
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने साफ कर दिया है कि मौजूदा हालात में वह अपनी राष्ट्रीय टीम को टी20 विश्व कप खेलने के लिए भारत नहीं भेजेगा। बोर्ड ने यह फैसला खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं के कारण लिया है।
IPL से बाहर किए जाने से शुरू हुआ विवाद
पूरा मामला तब शुरू हुआ जब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के निर्देश पर आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुस्तफिजुर रहमान को अपनी टीम से बाहर कर दिया। केकेआर ने उन्हें मिनी ऑक्शन में 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था।
भारत में विरोध और राजनीतिक बयानबाजी
मुस्तफिजुर को टीम में शामिल करने को लेकर भारत में विरोध शुरू हो गया था। कई नेताओं और कथावाचकों ने केकेआर की मालकिन शाहरुख खान को भी इस मुद्दे पर घेरा था। इसके बाद केकेआर को यह फैसला लेना पड़ा।
BCB ने ICC से की आधिकारिक मांग
बीसीबी ने बयान जारी कर कहा कि पिछले 24 घंटे की घटनाओं की समीक्षा के बाद बोर्ड इस नतीजे पर पहुंचा है कि भारत में बांग्लादेशी टीम की सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरे हैं। इसी वजह से बोर्ड ने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल से अनुरोध किया है कि बांग्लादेश के सभी मैच भारत के बाहर, सह-मेजबान श्रीलंका में कराए जाएं।
खेल मंत्रालय की सलाह के बाद लिया गया फैसला
बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के खेल मंत्री ने भी बीसीबी को निर्देश दिया था कि वह भारत में मैच खेलने को लेकर पुनर्विचार करे। इसके बाद बीसीबी अध्यक्ष और पूर्व कप्तान अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने आपात बैठक बुलाई।
भारत में होने थे चार लीग मुकाबले
बांग्लादेश को अपने चार लीग मैच भारत में खेलने थे। तीन मैच कोलकाता और एक मैच मुंबई में तय था। टीम को ग्रुप सी में इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, इटली और नेपाल के साथ रखा गया है।
BCCI ने जताई असमर्थता
बीसीसीआई की ओर से कहा गया कि इतने कम समय में टूर्नामेंट का शेड्यूल बदलना लगभग असंभव है। हवाई टिकट, होटल बुकिंग, ब्रॉडकास्ट और रोजाना तीन मैचों के कार्यक्रम को देखते हुए बदलाव करना बेहद मुश्किल होगा।
अंतिम फैसला ICC के हाथ में
अब इस पूरे मामले पर अंतिम निर्णय जय शाह की अगुवाई वाली आईसीसी को लेना है। सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या वाकई बांग्लादेश के मैच भारत से बाहर शिफ्ट होंगे या नहीं।
इसे भी पढ़ें : NIBMG में रिसर्च साइंटिस्ट बनने का मौका, जानें योग्यता और चयन प्रक्रिया



