अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Prayagraj (UP) : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। मांडा थाना क्षेत्र के बामपुर घाट पर गंगा में नहाने गए सात बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। इस हादसे से इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक बामपुर गांव के सात बच्चे सुबह करीब 10 बजे गंगा घाट पर नहाने पहुंचे थे। नहाते-नहाते वे धीरे-धीरे गहराई की ओर चले गए। अचानक पानी का बहाव तेज होने और गहराई का अंदाजा नहीं होने से सभी बच्चे डूबने लगे और चीख-पुकार मच गई।
मछुआरों ने दिखाई बहादुरी, 3 बच्चों को बचाया
बच्चों की आवाज सुनकर पास में मौजूद मछुआरे तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना देर किए पानी में छलांग लगाई और मोहित (13), दिव्यांशु (16) और अमन (9) को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। तीनों की जान बचने से लोगों ने राहत की सांस ली।
4 बच्चे तेज धारा में बहे, 2 के शव बरामद
वहीं चार बच्चे कुनाल (12), निहाल (10), दीपक (17) और ऋषभ (10) गंगा की तेज धारा में बह गए। काफी मशक्कत के बाद कुनाल और दीपक के शव बरामद कर लिए गए हैं। बाकी दो बच्चों की तलाश अभी भी जारी है।
तलाश अभियान जारी, गोताखोर जुटे
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गया। गोताखोरों की मदद से निहाल और ऋषभ की तलाश की जा रही है। पुलिस उपायुक्त विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि बचाव और खोज अभियान लगातार चल रहा है।
गांव में मातम, परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल
इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। जिन परिवारों ने अपने बच्चों को खोया है, उनका रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं जिन बच्चों को बचा लिया गया, उनके परिजनों ने मछुआरों का आभार जताया।
इसे भी पढ़ें : नाबालिगों की गुंडई : उधार में गुटखा नहीं दिया तो दाग दी गोली



