अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Barabanki (UP) : उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में अखिल भारतीय हिंदू महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष अनुपम कुमार सिंह की गोली लगने से मौत हो गयी। गोली उनकी अपनी ही लाइसेंसी रायफल से चली थी। घटना देर रात करीब 3 बजे की है। गोली चलने की तेज आवाज सुनकर जब परिवार के लोग दौड़कर बाहर आए, तो अनुपम बरामदे में खून से लथपथ पड़े मिले और पास में ही उनकी रायफल पड़ी थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
यह पूरा मामला जिला मुख्यालय से लगभग 40 किलोमीटर दूर रामसनेहीघाट कोतवाली इलाके के अलादासपुर गांव का है। 38 वर्षीय अनुपम कुमार सिंह संगठन में प्रदेश उपाध्यक्ष के पद पर थे। परिजनों के मुताबिक, वे पिछले करीब एक महीने से थोड़ा परेशान चल रहे थे। परेशानी के चलते उन्होंने लोगों से मिलना-जुलना बंद कर दिया था और घर से बाहर भी नहीं निकल रहे थे।
देर रात जब परिवार के बाकी सदस्य सो रहे थे, तभी अचानक गोली चलने का धमाका हुआ। आनन-फानन में परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। इसके बाद तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही रामसनेहीघाट कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना स्थल की बारीकी से जांच की, साक्ष्य जुटाए और मौके पर पड़ी लाइसेंसी रायफल को अपने कब्जे में ले लिया। शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
रामसनेहीघाट कोतवाली प्रभारी दयाशंकर द्विवेदी के अनुसार शुरुआती जांच में सामने आया है कि अनुपम रात के समय अपने कमरे से निकलकर बरामदे में आए थे, जहां गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और फोरेंसिक जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो सकेगी।
इसे भी पढ़ें : अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन ने पहली बार गोरखनाथ मंदिर में टेका मत्था, साथ रहे सीएम योगी



