अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Uttar Pradesh : शहर में सिटी बसों का इंतजार अब खत्म हो गया है। शुक्रवार से नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना सिटी में इलेक्ट्रिक सिटी बसों का संचालन शुरू हो जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ से वर्चुअली 45 बसों को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके साथ ही गौतमबुद्ध नगर के लाखों यात्रियों को बेहतर और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलने लगेगी।
आज से सड़कों पर उतरेंगी 45 इलेक्ट्रिक बसें
यूपीएसआरटीसी के प्रबंध निदेशक प्रभु एन सिंह ने बताया कि पहले चरण में कुल 45 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया जा रहा है। इनमें से 11 बसों को मुख्यमंत्री स्वयं लखनऊ से रवाना करेंगे। संचालन शुरू करने से पहले बृहस्पतिवार को सभी तैयारियों की समीक्षा के लिए बैठक भी हुई। रोडवेज का प्रयास है कि 15 जून से बसों की संख्या और बढ़ा दी जाए ताकि अधिक रूटों को कवर किया जा सके।
तीनों प्राधिकरणों में होंगे अलग-अलग कार्यक्रम
बस सेवा के शुभारंभ को लेकर नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण अपने-अपने स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करेंगे।यमुना प्राधिकरण का कार्यक्रम सेक्टर-28 स्थित मेडिकल डिवाइस पार्क में होगा। वहीं ग्रेटर नोएडा को फिलहाल 11 बसें मिली हैं। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ रवि कुमार एनजी ने बताया कि दादरी विधायक तेजपाल नागर बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।नोएडा में सेक्टर-33ए स्थित शिल्प हाट में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें सांसद डॉ. महेश शर्मा, राज्यसभा सदस्य सुरेंद्र सिंह नागर, विधायक पंकज सिंह और जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
किराया बढ़ा, अब न्यूनतम 20 और अधिकतम 50 रुपये
सिटी बसों का किराया अंतिम समय में संशोधित किया गया है। पहले न्यूनतम किराया 10 रुपये और अधिकतम 30 रुपये प्रस्तावित था, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 20 रुपये से 50 रुपये तक कर दिया गया है।तीनों प्राधिकरणों और यूपी रोडवेज के बीच बनी सहमति के अनुसार किराये के तीन स्लैब तय किए गए हैं।
| दूरी | किराया |
|---|---|
| 0 से 10 किलोमीटर | 20 रुपये |
| 10 से 30 किलोमीटर | 30 रुपये |
| 30 किलोमीटर से अधिक | 50 रुपये |
हालांकि यात्रियों का कहना है कि डीटीसी की एसी बसों में न्यूनतम किराया 10 रुपये और अधिकतम 25 रुपये है। डीटीसी की कई बसें नोएडा के इलाकों से भी गुजरती हैं।
50 रुपये में एयरपोर्ट तक का सफर
नई बस सेवा की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यात्री बॉटनिकल गार्डन, ग्रेटर नोएडा वेस्ट या परी चौक जैसे प्रमुख स्थानों से केवल 50 रुपये में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंच सकेंगे। इससे एयरपोर्ट कनेक्टिविटी को बड़ा फायदा मिलेगा।
यूपी का पहला इलेक्ट्रिक बस डिपो भी तैयार
बस सेवा शुरू होने के साथ प्रदेश को एक और बड़ी उपलब्धि मिली है। नोएडा के सेक्टर-90 में यूपी का पहला इलेक्ट्रिक बस डिपो बनकर तैयार हो गया है।प्रभु एन सिंह ने बताया कि इस डिपो से केवल इलेक्ट्रिक बसों का संचालन होगा। यहां बसों की बैटरी चार्ज करने के लिए आधुनिक चार्जिंग स्टेशन लगाए गए हैं। साथ ही बसों के रखरखाव और मरम्मत के लिए वर्कशॉप भी बनाई गई है।
संचालन से पहले किया गया ट्रायल
बसों को नियमित सेवा में उतारने से पहले बृहस्पतिवार को विभिन्न रूटों पर ड्राई रन किया गया। इलेक्ट्रिक बसों को सेक्टर-90 स्थित डिपो से रवाना कर ट्रायल कराया गया। इसकी निगरानी यूपीएसआरटीसी मुख्यालय से भी की गई।यमुना प्राधिकरण के एसीईओ राजेश कुमार ने बताया कि पहले 15 रूट प्रस्तावित थे, लेकिन फिलहाल 10 रूटों पर ही संचालन शुरू किया जा रहा है। इन रूटों के जरिए जेवर, रबूपुरा, दनकौर और यमुना सिटी के विभिन्न सेक्टरों को जोड़ा जाएगा।
इन प्रमुख रूटों पर चलेगी बसें
ग्रेटर नोएडा और यमुना सिटी
- ग्रेनो वेस्ट एकमूर्ति से सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन
- परी चौक से जीबीयू
- परी चौक से जीबीयू, दनकौर होते हुए नोएडा एयरपोर्ट
- नोएडा सिटी सेंटर से कलेक्ट्रेट सूरजपुर
- चारमूर्ति से तिलपता होते हुए एयरपोर्ट
- सूरजपुर से गलगोटिया और दनकौर होते हुए एयरपोर्ट
- चारमूर्ति से बिसरख और सूरजपुर होते हुए एयरपोर्ट
- मकोड़ा से एक्सपो मार्ट और जेवर कट होते हुए एयरपोर्ट
- ईकोटेक-16 से स्वर्णनगरी और जीबीयू होते हुए एयरपोर्ट
नोएडा के प्रमुख रूट
- बॉटनिकल गार्डन से सिटी सेंटर, होशियारपुर और ग्रेनो वेस्ट एकमूर्ति
- बॉटनिकल गार्डन से नोएडा एक्सप्रेसवे, परी चौक, गलगोटिया यूनिवर्सिटी, दनकौर, रबूपुरा और एयरपोर्ट
- बॉटनिकल गार्डन से अगाहपुर, बरौला, विश्वकर्मा रोड, सेक्टर-50 मेट्रो, सेक्टर-75, फेज-2 और सूरजपुर
- बॉटनिकल गार्डन से सेक्टर-52, सेक्टर-71, सेक्टर-62 और प्रताप विहार होते हुए आरआरटीएस स्टेशन
यात्रियों को मिलेंगी ये सुविधाएं
नई इलेक्ट्रिक बसों में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है।
- सभी बसें वातानुकूलित होंगी
- सीसीटीवी कैमरे लगे होंगे
- मोबाइल चार्जिंग की सुविधा मिलेगी
- प्रत्येक बस में 41 सीटें होंगी
- आरामदायक और प्रदूषण मुक्त यात्रा का अनुभव मिलेगा
सेक्टर-90 बनेगा बसों का मुख्य ठिकाना
सभी इलेक्ट्रिक बसें सेक्टर-90 स्थित बस स्टैंड पर खड़ी होंगी। यहीं पर उनकी चार्जिंग होगी और रोजाना सुबह बसें अपने-अपने रूटों के लिए रवाना की जाएंगी। किसी तकनीकी खराबी की स्थिति में मरम्मत के लिए डिपो परिसर में ही वर्कशॉप की व्यवस्था भी की गई है।नई बस सेवा से नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना सिटी के बीच सार्वजनिक परिवहन को बड़ी मजबूती मिलेगी। खासकर एयरपोर्ट, मेट्रो स्टेशन और प्रमुख आवासीय क्षेत्रों के बीच आने-जाने वाले यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

