अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Lucknow : खाकी वर्दी, सीने पर लगे मेडल और नम आंखों के बीच गर्व का अहसास। लखनऊ की पुलिस लाइन में 21 अक्टूबर की सुबह का नजारा कुछ ऐसा ही था। मौका था पुलिस स्मृति दिवस का, जब अपने फर्ज की राह पर प्राण न्योछावर करने वाले जांबाजों को याद किया जा रहा था। इस मौके पर पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ ने बीते एक साल में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि दी। औपचारिकता से आगे बढ़कर जब सीएम खुद शहीद जवानों के परिजनों के पास पहुंचे, तो माहौल भावुक हो उठा। सीएम ने परिजनों से एक-एक कर बात की, उनकी समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि सरकार हर मोड़ पर उनके परिवार के साथ खड़ी है।

नम आंखों से छलका दर्द, पर महकमे के साथ ने दिया हौसला
कार्यक्रम में कई ऐसे परिवार पहुंचे थे, जिनके घर के चिराग ड्यूटी निभाते हुए बुझ गए, लेकिन उनके चेहरे पर अपनों की शहादत का गर्व साफ दिख रहा था। जालौन में तैनात रहे शहीद सिपाही प्रदीप कुमार की पत्नी मयूरी वर्मा से जब सीएम मिले, तो उन्होंने ढांढस बंधाया। मयूरी ने बताया कि इसी साल ड्यूटी के दौरान एक सड़क हादसे में उनके पति का निधन हो गया था। उस मुश्किल घड़ी में पुलिस विभाग उनके साथ खड़ा रहा। मयूरी ने बताया कि विभाग की तरफ से पेंशन शुरू हो चुकी है, आर्थिक मदद मिल गई है और नौकरी के लिए भी अर्जी लग चुकी है। वहीं, एक फैक्टरी में भीषण आग बुझाने के दौरान जान गंवाने वाले फायरमैन रोहित यादव की पत्नी निशा यादव ने भी सीएम से मिलकर अपनी बात रखी। निशा ने कहा कि सीएम ने उनकी पूरी बात सुनी और जो सम्मान उनके परिवार को मिला, उसने इस दुख को सहने की ताकत दी है।

साल भर में देश के 154 जांबाज शहीद, यूपी के 6 वीरों ने दिया सर्वोच्च बलिदान
वर्दी की जिम्मेदारी कितनी भारी होती है, इसका अंदाजा आंकड़ों से लगाया जा सकता है। बीते एक साल यानी 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 के बीच पूरे देश में 154 पुलिसकर्मियों ने ड्यूटी करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी। इनमें उत्तर प्रदेश के छह जांबाज शामिल हैं। गौतमबुद्धनगर में आग की लपटों से जूझते हुए शहीद हुए फायर सर्विस चालक तीर्थपाल सिंह और फायरमैन रोहित यादव, तथा जालौन में कर्तव्य निभाते हुए जान गंवाने वाले सब-इंस्पेक्टर मोहित कुमार यादव, सब-इंस्पेक्टर सत्यभान सिंह, सिपाही अशोक कुमार और सिपाही प्रदीप कुमार ने साबित किया कि उनके लिए फर्ज से बढ़कर कुछ नहीं था।

इसे भी पढ़ें : अब बारिश में नहीं डूबेगा फैजुल्लागंज, सीएम योगी और रक्षामंत्री का बड़ा फैसला… जानें



