अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Lucknow : अमेठी जिले के लिए गर्व का पल तब आया, जब संग्रामपुर के गूजीपुर गांव निवासी होनहार क्रिकेटर प्रशांत वीर ने आईपीएल 2026 की मिनी नीलामी में इतिहास रच दिया। मंगलवार को अबू धाबी में हुई नीलामी में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने उन्हें 14.20 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया। इसके साथ ही प्रशांत वीर आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी बन गए।
जैसे ही नीलामी में प्रशांत के नाम की घोषणा हुई, उनके माता-पिता और परिजन खुशी से झूम उठे। अमेठी में परिजन ऑनलाइन नीलामी देख रहे थे। बेटे की इस बड़ी सफलता को देखकर माता-पिता की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े।
प्रशांत वीर की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से न सिर्फ उनके पैतृक गांव गूजीपुर, बल्कि पूरे अमेठी जिले और प्रदेश में खुशी की लहर दौड़ गई है। उनकी सफलता के पीछे वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण रहा है।
प्रशांत की प्राथमिक शिक्षा ब्लॉक संग्रामपुर स्थित भारद्वाज एकेडमी और केपीएस स्कूल से हुई। बचपन से ही उन्हें क्रिकेट में गहरी रुचि थी। शहर के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में क्रिकेट कोच गालिब अंसारी के मार्गदर्शन में उन्होंने क्रिकेट की विधिवत ट्रेनिंग शुरू की। बाद में उनका चयन स्पोर्ट्स हॉस्टल मैनपुरी में हुआ, जहां से उन्होंने कक्षा 9 और 10 की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद सहारनपुर से इंटरमीडिएट परीक्षा उत्तीर्ण की।
प्रशांत वीर स्कूल फेडरेशन ऑफ इंडिया की अंडर-19 टीम से खेल चुके हैं और हाल ही में उनका चयन रणजी टीम में भी हुआ है। आईपीएल जैसी बड़ी लीग में इतनी बड़ी बोली लगना उनकी प्रतिभा और उज्ज्वल भविष्य की ओर इशारा करता है।
सोशल मीडिया पर बधाइयों की बाढ़
प्रशांत वीर की रिकॉर्ड बोली की खबर मिलते ही सोशल मीडिया पर बधाइयों का सैलाब आ गया। फेसबुक, एक्स (ट्विटर), इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर लोगों ने पोस्ट साझा कर खुशी जताई। खेल प्रेमियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और युवाओं ने प्रशांत वीर को अमेठी का गौरव बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रशांत वीर की यह सफलता अमेठी के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है, जो यह संदेश देती है कि मेहनत और लगन से बड़े सपने जरूर पूरे होते हैं।
इसे भी पढ़ें : EVM से लेकर घर से मतदान तक, चुनाव सुधारों पर डॉ प्रदीप वर्मा की दो टूक



