अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Delhi : खराब मौसम और घने कोहरे के कारण देश की कई एयरलाइनों को आज भी अपनी उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। सबसे ज्यादा असर इंडिगो एयरलाइंस पर पड़ा है, जिसने अकेले 58 उड़ानें रद्द की हैं। खराब दृश्यता को उड़ान रद्द होने की मुख्य वजह बताया गया है।
दिल्ली एयरपोर्ट से कई उड़ानें रद्द
राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से इंडिगो और एयर इंडिया की कई उड़ानें आज रद्द रहीं। यात्रियों को सुबह के समय सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा, क्योंकि कोहरे के कारण रनवे पर दृश्यता काफी कम हो गई थी।
इंडिगो ने वेबसाइट पर जारी की जानकारी
इंडिगो एयरलाइंस ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर रद्द की गई उड़ानों की सूची जारी की है। इसमें बताया गया है कि खराब मौसम के चलते कई घरेलू रूट्स की फ्लाइट्स को सुरक्षा कारणों से रद्द किया गया है।
दिल्ली एयरपोर्ट ने जारी की एडवाइजरी
दिल्ली एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि एयरपोर्ट पर उड़ान संचालन सामान्य रूप से चल रहा है, लेकिन मौसम की वजह से कुछ उड़ानों के आगमन और प्रस्थान में देरी या रद्दीकरण हो सकता है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे एयरपोर्ट आने से पहले अपनी एयरलाइन से उड़ान की स्थिति जरूर जांच लें। यात्रियों की सहायता के लिए सभी टर्मिनलों पर ग्राउंड स्टाफ मौजूद है।
एयर इंडिया का बयान
एयर इंडिया ने पहले ही जानकारी दी थी कि 15 दिसंबर को दिल्ली और उत्तर भारत के कई हिस्सों में घने कोहरे के कारण उड़ान संचालन प्रभावित हुआ। इससे दिल्ली एयरपोर्ट पर भारी भीड़, ट्रैफिक जाम और पार्किंग की समस्या भी देखने को मिली। एयर इंडिया की कई उड़ानें देरी से चलीं या रद्द करनी पड़ीं।
यात्रियों को दिया जा रहा सहयोग
एयर इंडिया ने बताया कि मौसम की स्थिति उनके नियंत्रण से बाहर है, फिर भी प्रभावित यात्रियों को दोबारा बुकिंग या रद्द उड़ानों पर पूरा रिफंड देने के लिए उनकी टीमें लगातार काम कर रही हैं। मौसम विभाग ने 16 दिसंबर को भी कोहरे की चेतावनी जारी की है, इसी कारण कुछ उड़ानें पहले ही रद्द कर दी गई हैं।
इसे भी पढ़ें : IPL 2026 में अमेठी के प्रशांत वीर का जलजला, बने सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी



