अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ayodhya, Milkipur (Pawan Kumar) : अयोध्या के मिल्कीपुर क्षेत्र के पाराताजपुर गांव के मान का पूरा हारंटींगंज में जमीन विवाद अब प्रशासनिक लापरवाही का बड़ा सवाल बनता जा रहा है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि एसडीएम के स्पष्ट आदेश के बावजूद न तो पुलिस गंभीरता दिखा रही है और न ही लेखपाल स्तर पर जांच पूरी की जा रही है।
8 फीट जमीन का विवाद, दो पक्ष आमने-सामने
पूरा मामला महज 8 फीट जमीन के बंटवारे का है। जानकारी के अनुसार, इस जमीन में 4 फीट हिस्सा सूर्यभान को और 4 फीट हिस्सा काली प्रसाद को मिला था। बताया जा रहा है कि काली प्रसाद ने अपने हिस्से पर निर्माण शुरू कर दिया और बड़ी दीवार खड़ी कर ली। उस समय सूर्यभान ने कोई आपत्ति नहीं की। लेकिन जैसे ही सूर्यभान ने अपने हिस्से पर निर्माण शुरू किया, विवाद शुरू हो गया।
बिना आदेश पुलिस ने रुकवाया काम
पीड़ित सूर्यभान का आरोप है कि काली प्रसाद ने चौकी इंचार्ज हारंटींगंज को बुला लिया। चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंचे और बिना किसी लिखित आदेश के सूर्यभान का काम रुकवा दिया, जबकि काली प्रसाद का निर्माण जारी रखने को कहा गया। इस कार्रवाई से नाराज होकर सूर्यभान सीधे एसडीएम के पास पहुंचे और अपनी शिकायत दर्ज कराई।

एसडीएम ने दोनों पक्षों को रोका, फिर भी जारी रहा निर्माण
शिकायत सुनने के बाद एसडीएम ने दोनों पक्षों के निर्माण कार्य पर रोक लगाने का आदेश दिया। लेकिन आरोप है कि एसडीएम के आदेश को नजरअंदाज करते हुए काली प्रसाद ने अगले दिन भी निर्माण जारी रखा। यहां तक कि रात 9 बजे तक काम चलता रहा। पीड़ित ने इसकी सूचना इनायत नगर कोतवाली थानेदार को दी, तब जाकर काम रोका गया।
चौकी पर बुलाकर हड़काया
पीड़ित का यह भी आरोप है कि चौकी इंचार्ज ने दोनों पक्षों को चौकी बुलाया और सूर्यभान पर सुलह का दबाव बनाया। यहां तक कहा गया कि समझौता कर लो, नहीं तो जेल भेज दिया जाएगा। हालांकि ग्रामीणों और एसपी से बातचीत के बाद सूर्यभान को घर जाने की अनुमति दी गई।

लेखपाल को जांच का आदेश, लेकिन रिपोर्ट गायब
मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायत डीएम तक पहुंचाई गई। इसके बाद 17 तारीख को लेखपाल को जांच का आदेश दिया गया, लेकिन अब तक कोई रिपोर्ट सामने नहीं आई है। पीड़ित का कहना है कि जब भी एसडीएम कार्यालय में संपर्क किया जाता है, तो केवल टालमटोल जवाब मिलता है।
दबंगई के आरोप, लगातार मिल रही धमकी
सूर्यभान का आरोप है कि काली प्रसाद लगातार उन्हें धमकी दे रहा है। साथ ही, एसडीएम के रोक के आदेश के बावजूद विवादित जमीन पर कभी पानी डालना, कभी मिट्टी डालना जैसे काम जारी रखे हुए हैं। ऐसे में कभी भी वह कोई बड़ी अनहोनी को अंजाम दे सकता है।
इसे भी पढ़ें : जमीन के लफड़े में खौफनाक कांड, पति की मौ’त, पत्नी लड़ रही जिंदगी की जंग



