अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Garhwa (Nityanand Dubey) : गढ़वा के श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के नरखोरिया गांव में शनिवार की सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े दुकान में घुसकर व्यवसायी उमेश मेहता (50 वर्ष) को गोली मार दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में डर और दहशत का माहौल बन गया है।
ग्राहक बनकर आया, फिर चला दी गोली
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे उमेश मेहता अपनी दुकान पर बैठे थे। तभी एक युवक ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचा। उसने पहले सामान्य तरीके से सिगरेट और गुटखा मांगा, जिससे किसी को शक नहीं हुआ। जैसे ही उमेश सामान देने लगे, युवक ने अचानक हथियार निकाला और उन पर गोली चला दी। गोली उमेश के बाएं कंधे में लगी और आर-पार हो गई।
घटना के बाद मची अफरा-तफरी
गोली लगते ही उमेश मेहता लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। दुकान और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच मौका देखकर हमलावर वहां से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल को उठाकर अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उन्हें गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घायल उमेश मेहता ने बताया कि उनका किसी से कोई पुराना विवाद नहीं था। ऐसे में अचानक हुई इस घटना से परिवार और आसपास के लोग भी हैरान हैं।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच तेज
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस हमलावर के हुलिए के आधार पर उसकी पहचान करने में जुटी है। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय इनपुट के आधार पर छापेमारी भी की जा रही है।
व्यापारियों में डर, पुलिस ने बढ़ाई गश्त
इस घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में डर का माहौल है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : DC-SP की सख्त निगरानी में निकला 219 अखाड़ों का जुलूस, कहीं नहीं बिगड़ी व्यवस्था



