अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : यदि आपके जमीन संबंधी दस्तावेजों में कोई त्रुटि है, तो अब परेशान होने की जरूरत नहीं। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार सरकार द्वारा 16 अगस्त से 20 सितंबर 2025 तक एक विशेष महाअभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों की मदद करेंगी और जमाबंदी से संबंधित त्रुटियों का सुधार करेंगी।
अपर मुख्य सचिव का निर्देश
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह ने सभी प्रमंडलीय आयुक्तों और जिलाधिकारियों को पत्र जारी कर इस अभियान की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि इस महाअभियान के तहत डिजिटाइज्ड जमाबंदी में त्रुटियों का सुधार, उत्तराधिकार नामांतरण, बंटवारा नामांतरण, और छूटी हुई जमाबंदी को ऑनलाइन करने का कार्य किया जाएगा। यह सभी कार्य हल्का स्तर पर विशेष शिविरों के माध्यम से पूरे किए जाएंगे।
घर-घर पहुंचेगी विभाग की टीम
अपर मुख्य सचिव के अनुसार, 16 अगस्त से 15 सितंबर 2025 तक विभाग की टीमें प्रत्येक घर तक पहुंचेंगी और लोगों को उनकी जमाबंदी की प्रति उपलब्ध कराएंगी। साथ ही, हल्का स्तर पर आयोजित शिविरों में लोगों से आवेदन पत्र लिए जाएंगे, ताकि किसी को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। प्रत्येक पंचायत में सरकारी भवनों या अन्य उपयुक्त स्थानों पर हल्कावार शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में जरूरी कागजातों के साथ आवेदन जमा किए जा सकेंगे। प्रत्येक हल्का में कम से कम सात दिनों के अंतराल पर दो बार शिविर आयोजित होंगे, जिससे लोगों को आवेदन भरने के लिए पर्याप्त समय मिल सके।
क्या-क्या होंगे सुधार?
इस अभियान के तहत निम्नलिखित कार्य किए जाएंगे :
- डिजिटाइज्ड जमाबंदी में त्रुटियों का सुधार (नाम, खाता, खेसरा, रकबा, लगान आदि)।
- ऑफलाइन जमाबंदी को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाना।
- रैयत की मृत्यु के बाद उत्तराधिकारियों के नाम पर जमाबंदी।
- संयुक्त जमाबंदी के मौखिक बंटवारे के बाद अंशधारकों के नाम से अलग जमाबंदी।
लोगों के लिए सुविधा
यह अभियान आम लोगों के लिए जमीन संबंधी दस्तावेजों को ठीक करने का एक सुनहरा अवसर है। विभाग का उद्देश्य है कि इस प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाया जाए, ताकि लोगों को बिना किसी परेशानी के अपनी जमाबंदी संबंधी समस्याओं का समाधान मिल सके।
अधिक जानकारी के लिए
अभियान से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अपने नजदीकी राजस्व कार्यालय या हल्का शिविर से संपर्क करें। यह महाअभियान 20 सितंबर 2025 तक चलेगा, इसलिए समय रहते इसका लाभ उठाएं।
इसे भी पढ़ें : पटना-दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस आज से शुरू… जानें डिटेल्स



