अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Palamu : पलामू के तरहसी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। प्रेम संबंधों के कारण एक प्रेमी जोड़े की बेरहमी से हत्या कर दी गई। परिजनों ने पहले अपनी बेटी की गला दबाकर हत्या की, फिर उसके प्रेमी को जमकर पीटा। इल्जाम है कि लोहे की रॉड से उसकी आंख निकाल दी। इसके बाद उसे भी मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद दोनों शवों को एक कुएं में फेंक दिया गया। यह घटना पलामू के तरहसी प्रखंड के टरिया गांव की है। रविवार की शाम गांव के ही एक कुएं से दो शव बरामद किए गए। शवों की पहचान टरिया गांव निवासी विभा कुमारी और भंडरा गांव निवासी कारू सिंह के रूप में हुई है। दोनों के बीच पिछले कई महीनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। कुछ दिन पहले ही विभा की सगाई हुई थी, जिससे उसके परिजन नाराज थे।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में मृतक कारू सिंह के भाई जयप्रकाश कुमार उर्फ गुड्डू ने पुलिस को आवेदन दिया, जिसके आधार पर गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों की हत्या सुनियोजित तरीके से की गई। लड़की के परिजनों को उनके प्रेम संबंध की जानकारी पहले से थी। जब उन्हें विभा की सगाई के बाद भी दोनों के मिलने की भनक लगी, तो उन्होंने इस रिश्ते को ‘परिवार की इज्जत’ से जोड़ते हुए खौफनाक साजिश रची।
शनिवार की शाम को कारू सिंह अपने खेत में धान की रोपाई करवाने के बाद घर से निकला था। उसी रात से वह लापता था। जब वह देर रात तक घर नहीं लौटा तो परिजन उसकी खोजबीन करने लगे। इस बीच कारू के परिवार ने विभा के घरवालों से भी संपर्क किया, लेकिन उन्होंने सच्चाई छुपाते हुए कहा कि “इज्जत का सवाल है, दोनों को ढूंढिए।”
रविवार शाम करीब पांच बजे टरिया गांव के एक कुएं से दोनों के शव मिले। पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और विभा कुमारी के पिता उपेंद्र महतो, मां कलावती देवी, चाचा जनेश्वर महतो, विमलेश महतो और राकेश महतो को गिरफ्तार कर लिया।
लेस्लीगंज के एसडीपीओ मनोज कुमार झा ने बताया कि दोनों की हत्या में कुल पांच लोग शामिल थे और सभी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में पता चला है कि लड़की के परिजनों ने पहले विभा की हत्या की, फिर कारू को बुरी तरह पीटा गया और उसकी आंखें निकाल दी गईं। इसके बाद उसकी भी जान ले ली गई। फिर दोनों के शवों को घर के पास ही स्थित एक कुएं में फेंक दिया गया।
मृतक कारू के भाई जयप्रकाश ने बताया कि वह लगातार अपने भाई को खोज रहे थे। जब उन्होंने विभा के घरवालों से पूछा तो उन्होंने बहाने बनाए और झूठ बोला। जबकि उस समय तक दोनों की हत्या हो चुकी थी। जयप्रकाश ने यह भी बताया कि उनके भाई की हत्या बहुत ही निर्ममता से की गई और उसकी आंखें भी निकाल ली गईं।
पुलिस का कहना है कि कुआं आरोपियों के घर से महज कुछ मीटर की दूरी पर है, जिससे यह साफ हो गया कि शवों को छुपाने की कोशिश की गई थी। पुलिस ने घटना को बेहद गंभीर माना है और बाकी संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
यह मामला न केवल एक प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत है, बल्कि समाज में ‘इज्जत’ के नाम पर की जा रही क्रूरता और सामाजिक मानसिकता पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और केस की तह तक जाने के लिए आगे की जांच कर रही है।
इसे भी पढ़ें : दिशोम गुरु के निधन पर तीन दिन का राजकीय शोक, सरकारी दफ्तर रहेंगे बंद

