अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Sahebganj : जमीन के लफड़े में एक बार फिर से खून बहा है। इस बार साहिबगंज की धरती पर एक ही परिवार के तीन लोगों को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया गया है। तालझारी थाना क्षेत्र के दूधकोल गांव में एक ही परिवार के तीन लोगों की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना को अंजाम देने के बाद संदेही गुनहगार ने खुद थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। मृतकों की शिनाख्त नोहा बेसरा, उनकी बेटी बड़की मुर्मू और दामाद नाथानिएल हांसदा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी बज्जल हेंब्रम मृतकों का रिश्तेदार और पड़ोसी है। उसने पहले नोहा बेसरा पर हमला किया। इसके बाद उसकी बेटी और दामाद को भी रॉड से पीट-पीटकर मार डाला।
घटना के फैली खबर के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही राजमहल DSP विमलेश कुमार त्रिपाठी और तालझारी थानेदार नीतीश कुमार पांडे स्पॉट पर पहुंचे। पुलिस को वहां तीनों शव अलग-अलग स्थानों पर मिले। एक आंगन में, एक सड़क पर और एक घर के अंदर पड़ा हुआ था।
पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है। साहिबगंज एसपी अमित कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। प्राथमिक जांच में यही सामने आया है कि जमीन के लफड़े में ही इस खौफनाक हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और मृतकों के परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।
घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी और मृतकों के बीच जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था, जो आज इस भयावह मोड़ पर पहुंच गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पूरे मामले को लेकर गांव में भारी पुलिस बल तैनात है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
इसे भी पढ़ें : निकाह के तीन महीने बाद ही नाबालिग बीवी ने मरवा दिया शौहर को



