अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : आजसू पार्टी ने पार्टी प्रमुख और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो की सुरक्षा को लेकर राज्य सरकार की गंभीरता पर सवाल उठाए हैं। पार्टी ने मांग की है कि उग्रवादियों द्वारा बार-बार सुदेश महतो को निशाना बनाए जाने की घटनाओं की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और उनकी सुरक्षा की पुनः समीक्षा की जाए। आजसू पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर और हसन अंसारी ने गुरुवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि सुदेश महतो को उग्रवादियों द्वारा लगातार निशाना बनाया जा रहा है, लेकिन पुलिस अब तक इसके पीछे के कारणों का खुलासा नहीं कर पाई है। उन्होंने कहा कि पार्टी शीघ्र ही राज्य के मुख्य सचिव, गृह सचिव और डीजीपी से मिलकर इस मुद्दे पर ज्ञापन सौंपेगी।
उग्रवादी हमलों की साजिश का लंबा इतिहास
प्रवीण प्रभाकर ने बताया कि दो दिन पहले गुमला जिले के कामडारा थाना क्षेत्र में मुठभेड़ में मारे गए पीएलएफआई कमांडर मार्टिन केरकेट्टा ने भी सुदेश महतो को हिटलिस्ट में रखा था। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि 25 जनवरी 2023 को अनगड़ा थाना क्षेत्र में एक बैठक कर हमले की योजना बनाई गई थी। हसन अंसारी ने कहा कि इससे पहले भी ऐसी खबरें सामने आई थीं कि किसी राजनीतिक व्यक्ति ने सुदेश महतो की हत्या के लिए 5 करोड़ रुपये की सुपारी दी थी। उन्होंने पूछा कि आखिर क्यों बार-बार सुदेश महतो पर हमले की साजिश रची जाती है और इसके पीछे कौन लोग हैं।
पुराने हमलों की भी दिलाई याद
प्रेस वार्ता में यह भी बताया गया कि साल 2005 में सिल्ली से पोगड़ा जाने के रास्ते में केन बम लगाने की साजिश रची गई थी।
2013 में पीएलएफआई कमांडर जीदन गुड़िया ने भी एक नेता से 5 करोड़ की सुपारी लेकर सिल्ली प्रतिभा महोत्सव 2014 में टाइम बम से हमला करने की कोशिश की थी। इसमें विफल होने पर जोन्हा में एक विवाह समारोह में हमला करने की योजना बनाई गई, जिसे पुलिस और ग्रामीणों की सतर्कता से विफल कर दिया गया। प्रवीण प्रभाकर ने यह भी बताया कि बाद में खुलासा हुआ कि एक उग्रवादी देव सिंह मुंडा को साजिश के तहत आजसू में शामिल करवाया गया था। उन्होंने कहा कि यह गंभीर सुरक्षा चूक है।
तिलेश्वर साहु की हत्या और सहिस की सुरक्षा पर सवाल
नेताओं ने याद दिलाया कि वर्ष 2014 में पार्टी के केंद्रीय महासचिव स्व. तिलेश्वर साहु की भी हजारीबाग जिले के बरही में उग्रवादियों ने हत्या कर दी थी। आजसू नेताओं ने मांग की कि पार्टी के प्रधान महासचिव और पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस की वापस ली गई सुरक्षा को भी तत्काल बहाल किया जाए। पार्टी ने साफ कहा कि अगर सुदेश महतो जैसे वरिष्ठ नेता की सुरक्षा को लेकर सरकार गंभीर नहीं है, तो यह पूरी व्यवस्था के लिए खतरे का संकेत है।
इसे भी पढ़ें : धनबाद के इस कुख्यात का यूपी में ए’नकाउंटर, AK-47 और पिस्टल बरामद

