अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार के पूर्व मंत्री और आरजेडी से निष्कासित नेता तेज प्रताप यादव ने अपने राजनीतिक सफर में फिर से एक बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। उन्होंने अपने पूर्व सहयोगी आकाश यादव पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें ‘जयचंद’ बताया। तेज प्रताप का कहना है कि आकाश यादव ने कई लोगों के साथ मिलकर उनकी और अनुष्का यादव की फोटो वायरल कर उन्हें बदनाम करने की कोशिश की।
सोमवार देर रात तेज प्रताप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट जारी करते हुए कहा कि ऐसी साजिशें उनके राजनीतिक जीवन को खत्म नहीं कर पाएंगी, बल्कि वे इससे और भी मजबूत होकर उभरेंगे। उन्होंने साफ किया कि चाहे कोई भी कितना बड़ा षड़यंत्र रचे, वे उनसे कभी हार नहीं मानेंगे। इसके साथ ही उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में पूरे बिहार में अपने संगठन के जरिए जनता से जुड़ने और चुनाव लड़ने का ऐलान किया।
आकाश यादव और कुछ जयचंदो के द्वारा हमारी फोटो को वायरल कर देना, हमारी राजनीति को खत्म करने की साजिश है।
लेकिन इन जयचंदों को अभी पता नहीं कि हमारा नाम तेज प्रताप यादव है। तुम जैसे टूटपूंजियां लोगों से हमारा राजनीतिक जीवन खत्म नहीं होगा बल्कि हम और मजबूती के साथ आगे बढ़ेंगे।
कोई… pic.twitter.com/MH8iyKp7dj
— Tej Pratap Yadav (@TejYadav14) August 18, 2025
तेज प्रताप ने एक इंटरव्यू वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा किया है, जिसमें उन्होंने आकाश यादव को चुनौती दी है। उन्होंने कहा, “आकाश ज्यादा दिन तक राजनीति में टिक नहीं पाएंगे। उन्होंने हमें फंसाने और बदनाम करने की कोशिश की, लेकिन हम झांसे में आने वाले नहीं हैं।”
यह पहली बार है जब तेज प्रताप ने इतने सीधे शब्दों में आकाश यादव पर हमला बोला है। मई 2025 में अनुष्का यादव के साथ तेज प्रताप की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी, जिसके बाद उन्हें पार्टी और परिवार दोनों से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया था।
आकाश यादव, जो कभी तेज प्रताप के करीबी माने जाते थे, छात्र राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं और बाद में राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी की छात्र इकाई के अध्यक्ष भी बने। तस्वीर वायरल होने के बाद आरएलजेपी ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया था। अनुष्का यादव, जिनके साथ तस्वीरें वायरल हुईं, आकाश यादव की बहन हैं।
Also Read : “NEXT टाइम किसी को नहीं बक्शा जायेगा”, कुख्यात ‘कमांडर’ का पोस्ट वायरल

