अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Mumbai : रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरधारकों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। कंपनी के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने ऐलान किया है कि जियो का आईपीओ 2026 की पहली छमाही में लाया जाएगा। यह जानकारी उन्होंने रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की 48वीं वार्षिक आम बैठक (AGM) में दी। मुकेश अंबानी ने कहा कि जियो अपने आईपीओ के लिए पूरी तरह तैयार है और जल्द ही आवेदन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने भरोसा जताया कि जियो वैश्विक स्तर पर अपने समकक्षों के समान ही मूल्य सृजित करेगा। उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य 2026 की पहली छमाही तक जियो को सूचीबद्ध करना है। यह निवेशकों के लिए बेहद आकर्षक अवसर साबित होगा।”
50 करोड़ यूजर्स का आंकड़ा पार
जियो ने एक और उपलब्धि हासिल करते हुए अपने ग्राहकों की संख्या 50 करोड़ से अधिक कर ली है। मुकेश अंबानी ने इस मौके पर शेयरधारकों और ग्राहकों का आभार व्यक्त किया और जियो को “जिंदगी बदलने वाला” करार दिया। उन्होंने कहा कि जियो ने भारत में डिजिटल क्रांति लाने का काम किया है। वॉयस कॉल मुफ्त करने से लेकर डिजिटल पेमेंट को आसान बनाने तक, जियो ने आधार, यूपीआई और जन धन जैसी योजनाओं को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है। यही नहीं, जियो ने भारत को दुनिया के तीसरे सबसे बड़े स्टार्टअप इकोसिस्टम की रीढ़ भी प्रदान की है।
5जी में तेजी और अंतरराष्ट्रीय विस्तार की तैयारी
रिलायंस जियो के चेयरमैन आकाश अंबानी ने AGM में बताया कि देश में जियो का 5जी रोलआउट सबसे तेज रहा है। फिलहाल 22 करोड़ से ज्यादा यूजर्स जियो ट्रू 5जी नेटवर्क से जुड़े हुए हैं। आकाश अंबानी ने यह भी कहा कि कंपनी जल्द ही अंतरराष्ट्रीय ऑपरेशन शुरू करेगी।
हर भारतीय ने बनाया जियो को खास
मुकेश अंबानी ने कहा कि जियो ट्रू 5जी ने डिजिटल कनेक्टिविटी की स्पीड, विश्वसनीयता और पहुंच को नए सिरे से परिभाषित किया है। उन्होंने भावुक अंदाज़ में कहा, “लोग कहते हैं कि जियो ने मेरी जिंदगी बदल दी, लेकिन मैं मानता हूं कि हर भारतीय ने जियो को अपनाकर इसे खड़ा किया है।”
इसे भी पढ़ें : जियो ने बिहार और झारखंड में फिर गाड़ा बुलंदी का झंडा… जानें कैसे

