अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Dumka (Jaydev Kumar) : दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र स्थित बादलपारा-कल्याणपुर में एक प्रस्तावित कोयला खदान की ड्रिलिंग को लेकर आयोजित ग्राम सभा के दौरान बड़ा बवाल हो गया। रविवार को हुई इस बैठक में कोल कंपनी के अधिकारी भी मौजूद थे, लेकिन अचानक कुछ ग्रामीणों ने इस परियोजना का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि वहां मौजूद भीड़ उग्र हो गई और स्थिति को संभालने पहुंचे पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इस घटना में जिला पुलिस बल और स्पेशल आर्म्ड पुलिस (SAP) के करीब 10 जवान घायल हो गए हैं।
अंधेरे का फायदा उठाकर भीड़ ने पुलिस पर किया पथराव
मामले की शुरुआत तब हुई जब बादलपारा-कल्याणपुर में खुलने वाले कोल माइंस में बोरिंग की प्रक्रिया को लेकर ग्राम सभा चल रही थी। विरोध और हंगामे की सूचना मिलते ही शिकारीपाड़ा से प्रशासन और पुलिस के अधिकारी लोगों को शांत कराने मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने की काफी कोशिश की, लेकिन भीड़ का गुस्सा कम होने के बजाय और भड़क गया। हालात बिगड़ते देख मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया, पर तब तक अंधेरा हो चुका था। इसी अंधेरे का फायदा उठाकर उपद्रवियों ने पुलिस टीम पर चौतरफा पथराव शुरू कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायल जवानों में दो की हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती
इस पथराव में पुलिस और सैप के जवानों को काफी चोटें आई हैं। घायल पुलिसकर्मियों में आनंद मुर्मू, चार्ल्स मुर्मू, फूल कुमार यादव, विनोद दास, मुन्ना कुमार, शिवजी यादव, अनिल दास, पूनम देवी और अमरनाथ कुमार समेत कुल 10 जवान शामिल हैं। सभी घायलों को पहले इलाज के लिए शिकारीपाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए दुमका स्थित फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, घायल जवानों में से दो की हालत काफी गंभीर बनी हुई है, क्योंकि उनके पैर टूट गए हैं और सिर में भी गहरे जख्म आए हैं।
प्रभारी उपायुक्त ने अस्पताल पहुंचकर जाना जवानों का हाल
पुलिसकर्मियों पर हुए इस हमले की खबर मिलते ही दुमका के उप विकास आयुक्त (DDC) अनिकेत सचान, जो वर्तमान में उपायुक्त के प्रभार में भी हैं, तुरंत फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचे। उन्होंने भर्ती जवानों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए। मीडिया से बातचीत में प्रभारी उपायुक्त ने बताया कि कोयला खदान से जुड़ी ग्राम सभा के दौरान यह अप्रिय घटना घटी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून हाथ में लेने वाले और पुलिस पर पथराव करने वाले उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : मातम में बदली तीर्थयात्रा




