अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : केंद्र सरकार ने GST नियमों में बड़े बदलाव किए हैं। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में हुई 56वीं जीएसटी काउंसिल की बैठक में फैसला लिया गया कि अब केवल दो मुख्य जीएसटी स्लैब 5% और 18% लागू रहेंगे। 12% और 28% के स्लैब को हटा दिया गया है। इसके साथ ही, लग्जरी सामान और कुछ खास सेवाओं के लिए 40% का नया टैक्स स्लैब शुरू किया गया है। यह नई व्यवस्था 22 सितंबर, 2025 से पूरे देश में लागू होगी।
40% टैक्स स्लैब में क्या-क्या आएगा?
नए 40% टैक्स स्लैब में महंगी कारें, तंबाकू उत्पाद, सिगरेट, रेस क्लब, घुड़दौड़, कैसीनो, सट्टा, लॉटरी, ऑनलाइन मनी गेमिंग और प्रीमियम खेल आयोजन जैसे IPL शामिल होंगे। इस फैसले से आईपीएल टिकटों की कीमतें बढ़ जाएंगी। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) और इंडियन सुपर लीग (ISL) जैसे अन्य टूर्नामेंट पर भी 40% टैक्स लगेगा या नहीं।
IPL टिकट होंगे महंगे
नए नियमों से कई चीजें सस्ती हुई हैं, लेकिन IPL टिकटों की कीमतें बढ़ गई हैं। पहले IPL टिकटों पर 28% जीएसटी लगता था, लेकिन अब 40% टैक्स लगेगा। इससे स्टेडियम में मैच देखने वाले प्रशंसकों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
उदाहरण के लिए :
- 500 रुपये का टिकट : पहले 640 रुपये (28% टैक्स), अब 700 रुपये (40% टैक्स), यानी 60 रुपये की बढ़ोतरी।
- 1,000 रुपये का टिकट : पहले 1,280 रुपये, अब 1,400 रुपये, यानी 120 रुपये की बढ़ोतरी।
- 2,000 रुपये का टिकट : पहले 2,560 रुपये, अब 2,800 रुपये, यानी 240 रुपये की बढ़ोतरी।
अंतरराष्ट्रीय मैचों पर क्या असर?
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों पर नया 40% टैक्स लागू नहीं होगा। 500 रुपये से कम कीमत वाले टिकटों पर कोई टैक्स नहीं लगेगा, जबकि 500 रुपये से अधिक कीमत वाले टिकटों पर 18% टैक्स ही रहेगा। यानी टीम इंडिया के मैच और अन्य अंतरराष्ट्रीय मैचों की टिकट कीमतों पर कोई अतिरिक्त असर नहीं पड़ेगा।
प्रशंसकों में चिंता
नए टैक्स के साथ-साथ ऑनलाइन बुकिंग शुल्क और स्टेडियम के अन्य शुल्क भी टिकट की कीमत बढ़ाएंगे। इससे स्टेडियम में मैच देखने वाले प्रशंसकों पर और बोझ पड़ेगा। क्रिकेट प्रशंसकों ने इस पर चिंता जताई है और उनका कहना है कि BCCI और फ्रेंचाइजी को इस मुद्दे पर ध्यान देना चाहिए और दर्शकों के हित में कदम उठाना चाहिए।
इसे भी पढ़ें : NIRF Ranking 2025 : किस IIT ने मारी बाजी, यहां देखें पूरी लिस्ट

