अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Dhanbad : धनबाद में BCCL यानी भारत कोकिंग कोल लिमिटेड के एरिया नंबर 4 में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। मां अंबे आउटसोर्सिंग कंपनी की एक सर्विस वैन अचानक जमीन खिसकने (लैंडस्लाइड) के कारण करीब 400 फीट गहरी खाई में जा गिरी। वैन में उस समय 5 से 6 मजदूर सवार थे, जिनके हताहत होने की आशंका जताई जा रही है।
हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य शुरू
घटना की सूचना मिलते ही बीसीसीएल के अधिकारी, सुरक्षा विभाग की टीम और रेस्क्यू दल मौके पर पहुंच गए। साथ ही कतरास थाना, रामकनाली ओपी और अंगारपथरा ओपी की पुलिस भी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। खाई में गिरी वैन को बाहर निकालने और मजदूरों की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
नियमों की अनदेखी बनी हादसे की वजह
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि मां अंबे आउटसोर्सिंग कंपनी ने कोयला खनन के दौरान खदान सुरक्षा के नियमों का पालन नहीं किया। डीजीएमएस (DGMS) के अनुसार, खदान की दीवारों को सीढ़ीनुमा (बेंचनुमा) बनाना अनिवार्य होता है, जिससे जमीन धंसने का खतरा कम हो जाता है। लेकिन कंपनी ने दीवारें सीधी रखीं, जिससे लैंडस्लाइड की स्थिति बनी और पत्थर वैन से टकरा गए।
स्थानीय प्रशासन सतर्क, जांच के आदेश
हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं। बीसीसीएल और डीजीएमएस की टीम मौके पर पहुंचकर तकनीकी जांच कर रही है। मजदूरों की सुरक्षा को लेकर आउटसोर्सिंग कंपनियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
घटना के बाद आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने खनन कंपनियों की लापरवाही पर नाराजगी जताई है और मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यह हादसा कोयला खदानों में सुरक्षा नियमों की अनदेखी और मजदूरों की जान को खतरे में डालने वाली व्यवस्था की पोल खोल रहा है। प्रशासन को चाहिए कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई करे और भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हो, इसके लिए ठोस कदम उठाए।
इसे भी पढ़ें : ‘करमा’ मनाने आए उग्रवादियों के साथ पुलिस की मुठभेड़, दो जवान शहीद

