अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Palamu : पलामू जिले के मनातू थाना क्षेत्र के केदल गांव में बीती देर रात पुलिस और टीएसपीसी (तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी) उग्रवादियों के बीच भयंकर मुठभेड़ हुई। यह घटना रात करीब डेढ़ बजे घटी। मुठभेड़ में झारखंड पुलिस के दो जवान शहीद हो गए, जबकि एक अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हुआ है।
शहीद जवानों की पहचान संतन मेहता और सुनील राम के रूप में हुई है। वहीं घायल जवान रोहित कुमार का इलाज डालटनगंज स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल (MMCH) में चल रहा है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
घटना की जानकारी मिलते ही पलामू एसपी रिष्मा रमेशन दल-बल के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने अस्पताल जाकर घायल जवान का हालचाल लिया और डॉक्टरों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
करमा पर्व मनाने पहुंचा था नक्सली दस्ता
पुलिस सूत्रों के अनुसार, एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि टीएसपीसी का रीजनल कमांडर अपने दस्ते के साथ गांव में करमा पर्व मनाने आया है। इसके बाद पुलिस ने गांव की घेराबंदी की। लेकिन पुलिस की मौजूदगी का आभास होते ही उग्रवादियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला। इसी दौरान पुलिस के तीन जवान गोलीबारी की चपेट में आ गए।
मुठभेड़ में दो जवानों ने शहादत दी, जबकि एक जवान घायल हुआ। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस और सुरक्षा बलों द्वारा जंगलों में सर्च ऑपरेशन जारी है ताकि फरार उग्रवादियों को पकड़ा जा सके।
शहीदों को दी जाएगी श्रद्धांजलि
पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि शहीद जवानों को पूरे राजकीय सम्मान के साथ श्रद्धांजलि दी जाएगी। वहीं प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नक्सली गतिविधियों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : किसी को स्कूटी, किसी को लैपटॉप, तो किसी को नौकरी… CM बांट गये खुशियां

