अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Motihari : पूर्वी चंपारण यानी मोतिहारी जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र में शनिवार भोरे-भोर एक बेहद अनोखी और चिंताजनक घटना सामने आई। हरसिद्धि बाजार स्थित मोबाइल टावर पर एक महिला चढ़ गई और आत्महत्या की धमकी देने लगी। यह दृश्य देखकर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
सुबह छह बजे शुरू हुआ घटनाक्रम
घटना सुबह करीब छह बजे की है, जब भरत प्रसाद की बेटी, जो हाल ही में अपने मायके आई थी, अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला बार-बार टावर से कूदने की धमकी देती रही, जिससे लोगों की चिंता बढ़ती गई। सूचना मिलते ही हरसिद्धि के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी और स्थानीय थाना की पुलिस रेस्क्यू टीम के साथ मौके पर पहुंची।
महिला नहीं मान रही थी किसी की बात
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने महिला को नीचे उतरने के लिए समझाने की कोशिश की, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थी। वह सिर्फ एक ही बात बोल रही थी कि… मैं कूद जाऊंगी…पर ससुराल नहीं जाऊंगी! करीब पांच घंटे तक चले संवाद और प्रयासों के बाद आखिरकार महिला को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
पारिवारिक कारणों से परेशान थी महिला
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला की शादी करीब एक साल पहले पश्चिम चंपारण के बेतिया में हुई थी। गर्भवती होने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके चलते ससुराल पक्ष ने उसे मायके भेज दिया। बाद में उसने एक बेटे को जन्म दिया, लेकिन ससुराल वालों ने उसका ख्याल नहीं रखा। इसी उपेक्षा और मानसिक तनाव के कारण महिला ने यह कदम उठाया।
प्रशासन ने दिखाई तत्परता
स्थानीय प्रशासन और पुलिस की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। महिला को फिलहाल चिकित्सकीय जांच और परामर्श के लिए भेजा गया है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और महिला को उचित सहायता दिलाने की बात कही है।
इसे भी पढ़ें : शादी से किया इनकार, तो माशुका को दे दी खौ’फनाक मौ’त, SP खोल गयीं राज… जानें

