अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : मंगलवार की रात जब पथलकुदवा इलाका के लोग गहरी नींद में थे, तब उन्हें यह अंदाजा भी नहीं था कि उनके मोहल्ले में छिपकर बैठा कोई शख्स किसी बड़ी साजिश की तैयारी कर रहा है। आधी रात को इलाके में अचानक पुलिस की गाड़ियों की आवाजें और जवानों की तैनाती से लोग चौंक उठे। धीरे-धीरे खबर फैलने लगी कि तबरक लॉज में छापा मारा जा रहा है। पथलकुदवा की गलियों में आधी रात को हलचल बढ़ गई थी। लोग खिड़कियों और छतों से झांक-झांक कर देखते रहे कि आखिर हो क्या रहा है। लेकिन पुलिस की ओर से कड़ी सुरक्षा और सख्त रवैये के चलते कोई पास नहीं जा सका।
दिल्ली से मिली सूचना, रांची में चला ऑपरेशन
दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल को खूफिया इंफॉर्मेशन मिली थी कि अशहर दानिश नाम का एक शख्स रांची में छिपा हुआ है। उसके इरादे नेक नहीं हैं। उस पर समुदायों के बीच तनाव भड़काने, धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने और अवैध हथियार रखने का आरोप है। उसके खिलाफ दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल द्वारा दर्ज कांड संख्या 240/25 दर्ज है। इसी मामले के तहत दिल्ली से विशेष टीम मंगलवार की देर रात ही रांची पहुंच गई। टीम ने झारखंड ATS और स्थानीय पुलिस से संपर्क कर संयुक्त प्लान तैयार किया। मंगलवार की रात से ही दानिश की गतिविधियों पर नजर रखी जाने लगी। उसके ठिकाने तबरक लॉज को चुपचाप घेर लिया गया। चारों ओर से घेराबंदी कर जवानों को अलर्ट मोड में रखा गया। किसी को भनक न लगे, इसलिए सारी तैयारी बेहद गोपनीय तरीके से की गई। पूरी सुरक्षा के बीच दानिश का कमरा खुलवाया गया। बिना किसी प्रतिरोध के उसे दबोच लिया गया। गिरफ्तारी के बाद लॉज के कमरे की तलाशी ली गई।
हथियार और आपत्तिजनक सामान बरामद
ATS के अनुसार अशहर दानिश बोकारो के पेटरवार का रहने वाला है। उसके पास से पुलिस ने एक देशी कट्टा, एक जिंदा गोली, हथियार बनाने में प्रयुक्त कॉपर शीट, हाइड्रोक्लोरिक एसिड, नाइट्रिक एसिड, सोडियम बाइकार्बोनेट, सल्फर पाउडर, पीएच वैल्यू चेकर, बॉल बेयरिंग्स, चार चाकू, 10500 रुपये कैश, एक लैपटॉप, एक मोबाइल फोन, वजन मापने की मशीन, बीकर सेट, सेफ्टी ग्लव्स, रेस्पिरेटरी मास्क, प्लास्टिक बॉक्स जिसमें वायर स्ट्रिप, सर्किट, मदरबोर्ड और डायोड आदि बरामद किये हैं। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Also Read : “छुट्टी नहीं, जिम्मेदारी निभाइए”… दुर्गा पूजा पर अफसरों को DC का सख्त आदेश

