अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार में उमस भरी गर्मी के बाद आखिरकार मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। रविवार से शुरू हुई लगातार बारिश ने जहां लोगों को तपिश और उमस से राहत दी है, वहीं अब जलजमाव, बाढ़ और यातायात की परेशानियों ने सिर उठाना शुरू कर दिया है। सोमवार को भी पटना समेत कई जिलों में लगातार बारिश का सिलसिला जारी रहा।
पांच दिन तक बरसेगा पानी
IMD यानी भारतीय मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले पांच दिनों तक बिहार में बारिश का सिलसिला यूं ही जारी रहेगा। पूर्वोत्तर बांग्लादेश और असम के ऊपर बने चक्रवाती तंत्र तथा बंगाल की खाड़ी में सक्रिय लो-प्रेशर एरिया से नमी खिंचकर बिहार तक आ रही है। इसी कारण राज्य भर में बारिश का दौर तेज हुआ है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, यह स्थिति 20 सितंबर तक बनी रह सकती है।
13 जिलों में यलो अलर्ट, बाढ़ का खतरा
मौसम विभाग ने 13 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें किशनगंज, अररिया, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, वैशाली, सारण, समस्तीपुर और खगड़िया प्रमुख हैं। वहीं पटना, मुंगेर, भोजपुर, बेगूसराय और शेखपुरा में भी मध्यम से भारी बारिश दर्ज की जा रही है। इस बीच उत्तर और दक्षिण बिहार के ग्रामीण इलाकों में वज्रपात का खतरा भी सबसे ज्यादा है।
नदियां उफान पर, चिंता में लोग
लगातार हो रही बारिश से गंगा, कोसी और बागमती समेत कई नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तराखंड में हुई भारी बारिश का असर भी बिहार की नदियों पर दिख रहा है। नदियों के बढ़ते जलस्तर से बाढ़ का खतरा गहराने लगा है, जिससे ग्रामीण इलाकों में चिंता बढ़ गई है।
इसे भी पढ़ें : पूर्णिया एयरपोर्ट उद्घाटन से पहले पीएम मोदी ने बिहार के लिए कर दिया बड़ा ऐलान… जानें क्या

