अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : जिले के फुटबॉल क्लब सचिव, खिलाड़ियों, प्रशिक्षक और खेलप्रेमियों ने सिंहभूम स्पोर्ट्स एसोसिएशन (एसएसए), चाईबासा में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ नारा लगाते हुए एसोसिएशन ग्राउंड के पास विभिन्न पदाधिकारियों का पुतला फूंका।
जिन पदाधिकारियाें का पुतला फूंका गया उनमें मिथिलेश कुमार ठाकुर, कोषाध्यक्ष अनिल लकड़ा, कार्यकारिणी सदस्य अर्जुन बानरा और कुलचंद्र कुजूर शामिल हैं। इस संबंध में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को मांग पत्र सौंपकर संस्था की कार्यप्रणाली की उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई।

खिलाड़ियों और क्लब प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया है कि एसएसए पर बीते 17 वर्षों से एक ही गुट का अवैध कब्जा बना हुआ है। संस्था में न तो किसी प्रकार का नियमित चुनाव हुआ है और न ही वार्षिक आम सभा (एजीएम) आयोजित की गई है। उन्होंने कहा कि एसएसए के आय-व्यय का कोई सार्वजनिक ब्योरा उपलब्ध नहीं है, जिससे वित्तीय अनियमितता की आशंका और गहरी हो गई है।
मांग पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि स्टेडियम परिसर में बिना अनुमति के अवैध दुकानों का निर्माण किया गया है और उनसे धन वसूला जा रहा है। वहीं, स्टेडियम की गैलरी, कार्यालय और अन्य सुविधाएं पूरी तरह जर्जर हो चुकी हैं।
खिलाड़ियों और क्लब सचिवों ने अपनी मुख्य मांगों में एसएसए की तत्काल एजीए आयोजित करने, स्वतंत्र ऑडिट कराने, निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने, अवैध दुकानों की जांच और अतिक्रमण हटाने, साथ ही स्टेडियम के नवीनीकरण की मांग की है।
मांग पत्र पर मधु सुदन समाड, जयसिंह हेस्सा, राज केसरी, युगल किशोर पुरती, विमल बिरुवा, धर्मेन्द्र देवगम, विनोद गोप, हरिचरण गोप, अभय चंद्र देवगम, हेमंत कुमार गोप सहित कई अन्य क्लब सचिवों, खिलाड़ियों और पूर्व खिलाड़ियों के हस्ताक्षर हैं।
मांग पत्र की प्रति उपायुक्त पश्चिमी सिंहभूम को भी सौंपी गई है, जो एसएसए के सह-अध्यक्ष हैं।
इसे भी पढ़ें : रांची जैप-1 मैदान में 16 अक्टूबर से सजेगा इप्सोवा का दिवाली मेला

