अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : समाहरणालय सभागार में मंगलवार देर शाम नीति आयोग के तहत आकांक्षी पाकुड़ जिले की योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार के अपर सचिव एवं वित्तीय सलाहकार श्री नीतीश्वर कुमार ने की। बैठक की शुरुआत में डीसी मनीष कुमार ने पुष्पगुच्छ और शाल ओढ़ाकर अतिथि का स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के जरिए जिले में चल रही योजनाओं की प्रगति बताई।
शिक्षा में उल्लेखनीय सुधार, राज्य में दूसरा स्थान पाया
डीसी मनीष कुमार ने बताया कि वर्ष 2024 में माध्यमिक परीक्षा परिणाम में पाकुड़ 22वें स्थान पर था, लेकिन 2025 में ‘प्रोजेक्ट परख’ की मदद से जिला अब दूसरे स्थान पर पहुंच गया। ‘स्कूल चले हम’, ‘दरवाजा खटखटाओ–उपस्थिति बढ़ाओ’, ‘बोलेगा पाकुड़’, ‘बाल चौपाल’, और ‘आज हमने क्या सीखा’ जैसे नवाचारों से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ा है।
जनकल्याण और नवाचार से बनी मिसाल
प्रोजेक्ट आहार के तहत हर माह आहार दिवस मनाकर जरूरतमंदों को धोती-साड़ी योजना का लाभ दिया जा रहा है। वहीं, ‘प्रोजेक्ट प्रयास’ से छात्रों को बीजीआर माइनिंग के सहयोग से एंडेवर एकेडमी में निशुल्क प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कराई जा रही है।
‘प्रोजेक्ट बचपन’ और ‘प्रोजेक्ट बदलाव’ जैसी पहलें भी जनता के बीच सराही जा रही हैं।
स्वास्थ्य क्षेत्र में उपलब्धियां, कालाजार में कमी
डीसी ने बताया कि ‘प्रोजेक्ट जागृति’ से पिछले छह महीनों में कालाजार के मामलों में बड़ी कमी आई है। पाकुड़ ने फाइलेरिया उन्मूलन में राज्य में दूसरा स्थान पाया है और टीबी मरीजों के गोद लेने की अनोखी पहल की है।
राष्ट्रीय स्तर पर भी पाकुड़ का प्रदर्शन सराहा गया
नीति आयोग की ‘Use Case for NITI for State’ प्रतियोगिता में पाकुड़ जिले को फाइनेंसियल इन्क्लूजन एवं स्किल डेवलपमेंट श्रेणी में देश में दूसरा स्थान मिला।
अपर सचिव बोले… “इतिहास में दर्ज होगा पाकुड़ का कार्य”
अपर सचिव श्री नीतीश्वर कुमार ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद पाकुड़ ने जो काम किया है, वह मिसाल है। उन्होंने उपायुक्त मनीष कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि “इतिहास के पन्नों में पाकुड़ का कार्य जरूर लिखा जाएगा।”
बैठक में कई अधिकारी उपस्थित रहे
बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, नगर परिषद प्रशासक और सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी मौजूद थे।
इसे भी पढ़ें : झारखंड में फिर बदलेंगे मौसम के तेवर, 14 जिलों में छाएंगे बादल

