अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची का कांके इलाका रविवार की देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। सुकुरहुटू स्थित आईटीबीपी कैंप के पास अचानक हुए एनकाउंटर ने शहर की नींद उड़ा दी। यह मुठभेड़ रात करीब 11:15 बजे ट्रांसपोर्ट नगर के पीछे पत्थर खदान वाले रास्ते पर हुई। इस एनकाउंटर में रांची पुलिस के सामने था रांची का मोस्ट वांटेड अपराधी अभिषेक सिंह। यह वही अभिषेक सिंह है, जिस पर चौपाटी रेस्टुरेंट के संचालक विजय नाग की हत्या का इल्जाम है। इस मुठभेड़ में अभिषेक के दोनों पैरों में गोली लगी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार उसकी हालत खतरे से बाहर बतायी गयी है।
पुलिस को देखते ही चलाने लगा गोली
सूत्रों के अनुसार, रांची पुलिस को सूचना मिली थी कि अभिषेक सिंह कांके थाना क्षेत्र के सुकुरहुटू स्थित आईटीबीपी कैंप के आसपास छिपा हुआ है। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर रूरल एसपी प्रवीण पुष्कर के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीम मौके पर पहुंची तो अभिषेक ने बिना देर किए फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें अभिषेक के दोनों पैरों में गोली लगी।
हत्या के बाद से था फरार
यहां याद दिला दें कि बीती रात चौपाटी रेस्टुरेंट के मालिक विजय नाग की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। हत्या का इल्जाम अभिषेक सिंह पर लगा था। घटना के बाद से वह फरार था। पुलिस लगातार उसके ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस पूरे हत्या कांड में अभिषेक के साथ कुछ अन्य लोग भी शामिल थे। घायल अभिषेक से पूछताछ के बाद पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं। अब बाकी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
इसे भी पढ़ें : मामूली सी चूक पर टपका डाला रेस्टुरेंट संचालक को… जानें मामला

