अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
New Delhi : दिल्ली के रोहिणी इलाके में आज यानी गुरुवार तड़के दिल्ली पुलिस और बिहार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बिहार के कुख्यात सिग्मा गैंग के चार मोस्ट वांटेड गैंगस्टर मारे गए। इनमें गैंग का सरगना भी शामिल है, जो बिहार के सीतामढ़ी का रहने वाला था। पुलिस के अनुसार, यह गैंग बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में दहशत फैलाने की साजिश रच रहा था।
सिग्मा गैंग की साजिश नाकाम
मुठभेड़ गुरुवार सुबह करीब 2:20 बजे रोहिणी में हुई। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा और बिहार पुलिस ने खुफिया जानकारी के आधार पर इलाके में जाल बिछाया था। इनफार्मेशन मिली थी कि सिग्मा गैंग के सदस्य बिहार चुनाव से पहले बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। जब पुलिस ने संदिग्धों को रोकने की कोशिश की, तो उन्होंने पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसके बाद चारों गैंगस्टर घायल हो गए। उन्हें रोहिणी के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मारे गए गैंगस्टरों की शिनाख्त
मारे गए गैंगस्टरों की शिनाख्त रंजन पाठक (25), बिमलेश महतो उर्फ बिमलेश साहनी (25), मनीष पाठक (33) और अमन ठाकुर (21) के तौर पर की गई है। रंजन, बिमलेश और मनीष सीतामढ़ी, बिहार के निवासी थे, जबकि अमन ठाकुर दिल्ली के करवाल नगर का रहने वाला था। ये चारों बिहार में कई हत्याओं, सशस्त्र डकैती और अन्य अपराधों में वांछित थे।
जांच शुरू
डीसीपी (अपराध शाखा) संजीव यादव ने मीडिया को बताया कि यह मुठभेड़ एक विशेष खुफिया सूचना के आधार पर की गई थी। दिल्ली पुलिस ने एक्स पर घटनास्थल के दृश्य भी साझा किए हैं। मुठभेड़ के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक और क्राइम सीन जांच टीमें भी बुलाई गईं। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
इसे भी पढ़ें : मंतोष और पत्नी को सोमा उरांव देता था जान की धमकी, इस चलते टपका दिया

