अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : अपने घर में अकेली रहने वाली बेवा माकिना खातून को तब गहरा झटका लगा, जब कुछ उचक्कों ने उसके घर का ताला तोड़ सेंधमारी कर डाली। चोरों ने महिला के घर में रखे जेवरात और कैश चुरा लिए और फरार हो गये। बेवा मकिना खातून राजधानी रांची के ठाकुरगांव थाना क्षेत्र के कर्बला गांव के उरूगुटू मुहल्ला की रहने वाली है। चोरी की वारदात बीते 20 अक्टूबर को रात के अंधेरे में अंजाम दिया गया था। घटना के बाद मकिना खातून ने थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी थी। बात रांची के पुलिस कप्तान राकेश रंजन तक पहुंची। रुरल एसपी प्रवीण पुष्कर के नेतृत्व में खलारी डीएसपी राम नारायण चौधरी की देखरेख में टीम गठित की गयी। तफ्तीश शुरू की गयी।
इसी दरम्यान टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर मेराज अंसारी, इमरान राय, असर अली उर्फ चांद और अरबाज खान को गिरफ्तार कर लिया। चारों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस को दिये अपने बयान में इन लोगों ने बताया कि घरों का ताला तोड़ माल बटोरना इनकी फितरत है। ये लोग चोरी के जेवरात सोनार राजेश कुमार को बेच दिया करते हैं। राजेश कुमार की एक सोना-चांदी की दुकान चंदवे में है। पुलिस ने छापेमारी कर सोनार राजेश कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। वहीं, चोरी किये गहनों को उसके दुकान से बरामद कर जब्त कर लिया। बरामद सामानों में चांदी की दो अंगूठी, चार कंगन, दो जोड़ा पायल, चांदी का गले का हार, सोने का कानबाली और नोजपीन शामिल है। गिरफ्तार अभियुक्त इमरान राय और अमर अली उर्फ चांद का आपराधिक इतिहास है। इमरान के खिलाफ पिठौरिया और ठाकुरगांव थाना की पुलिस फाइल में दो माले दर्ज हैं। वहीं, अमर अली के खिलाफ ठाकुरगांव थाना में एक मामला दर्ज है। यह पूरा खुलासा रांची के रुरल एसपी प्रवीण पुष्कर ने आज मीडिया के सामने किया है।
इन उचक्कों को दबोचने में ठाकुरगांव थानेदार शुभम कुमार, एसआई दिलीप कुमार और पंकज कुमार यादव की भूमिका सराहनीय रही।
इसे भी पढ़ें : जैसलमेर बस हादसे की FSL रिपोर्ट में बड़ा खुलासा, जानिए कैसे लगी आग

