अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Muzaffarpur : महागठबंधन ने घोषणा पत्र जारी करने के बाद अब पूरी ताकत से चुनावी मैदान में उतर गया है। बुधवार को मुजफ्फरपुर के सकरा विधानसभा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव ने संयुक्त जनसभा की। दोनों नेताओं के साथ वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी भी मौजूद थे। तेजस्वी यादव ने भाषण की शुरुआत में ही एनडीए पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि “बिहार की जनता अब इस खटारा सरकार से उब चुकी है, अब वक्त है नया बिहार बनाने का।”
राहुल गांधी बोले – बिहारियों ने देश बनाया, अब बिहार क्यों नहीं?
राहुल गांधी ने मंच से कहा, “आप सब बारिश में भी आए, यह आपका प्यार दिखाता है। देश के हर बड़े शहर में बिहार के लोग हैं — दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, गुजरात — हर जगह आपने मेहनत से देश बनाया। लेकिन सवाल है, बिहार खुद क्यों नहीं बन सका?”
उन्होंने नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए कहा कि “20 साल से सरकार चला रहे हैं, खुद को अति पिछड़ा कहते हैं, लेकिन बिहार के शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार का हाल सबके सामने है।”
“भाजपा चला रही है नीतीश का रिमोट”
राहुल गांधी ने कहा कि नीतीश कुमार का रिमोट कंट्रोल भाजपा के हाथ में है। वह सिर्फ नीतीश कुमार का चेहरा इस्तेमाल कर रही है। सामाजिक न्याय की बात सिर्फ दिखावा है। बिहार में वास्तविक विकास तभी होगा जब जनता महागठबंधन को मौका देगी।
नीतीश कुमार का रिमोट कंट्रोल BJP के हाथ में है pic.twitter.com/YO1Bh4AAVZ
— Congress (@INCIndia) October 29, 2025
पीएम मोदी पर तीखा हमला – “दो हिंदुस्तान बना दिए”
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाया कि उन्होंने अदाणी और अंबानी को देश की संपत्ति सौंप दी। कहा – “आज दो हिंदुस्तान बन रहे हैं — एक गरीबों का, दूसरा अरबपतियों का। मोदी सरकार ने आम जनता को सिर्फ सपने दिए, फायदा कुछ गिने-चुने उद्योगपतियों को।” उन्होंने कहा कि “छठ पूजा के नाम पर मोदी जी ने ड्रामा किया। यमुना में साफ पानी भरवाकर फोटो खिंचवाई और बाकी देशवासियों को गंदा पानी दिया। यही उनका दिखावा है।”
हम सबकी सरकार बनाएंगे : राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा, “बिहार के लोग घर से निकलें और वोट डालें। हम हर जाति, हर धर्म की सरकार बनाएंगे। शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर हमारा फोकस रहेगा।” उन्होंने कहा कि आने वाले पांच वर्षों में बिहार में देश की सबसे बेहतरीन यूनिवर्सिटी बनाने की कोशिश की जाएगी।
Watch: LoP Shri @RahulGandhi addresses a joint public meeting | Muzaffarpur, Bihar.
https://t.co/3nAn94Pj5Y— Congress (@INCIndia) October 29, 2025
“संविधान बचाना हमारी जिम्मेदारी”
राहुल गांधी ने आरएसएस और बीजेपी पर संविधान पर हमला करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जो कुछ भी जनता को मिला है, वह संविधान की वजह से मिला है। “इसे कोई खत्म नहीं कर सकता, हम इसकी रक्षा करेंगे,” राहुल गांधी ने कहा।
कांग्रेस प्रत्याशी मंच पर मौजूद
मुजफ्फरपुर के सकरा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार उमेश कुमार राम और नगर विधानसभा क्षेत्र से विजेंद्र चौधरी भी मंच पर मौजूद थे।
बीजेपी का पलटवार
राहुल गांधी की बिहार यात्रा पर बीजेपी आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि “राहुल गांधी को बिहार आए दो महीने हो गए। कोलंबिया में छुट्टियां मनाने और ब्लॉग बनाने के बीच उन्हें न बिहार की चिंता रही, न गठबंधन की।”
इसे भी पढ़ें : हैवी ब्लास्टिंग से दहला गांव: प्रशासन ने सील की खदाने



