अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए तीन मैचों की वनडे सीरीज के आखिरी मुकाबले में टीम इंडिया के मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज श्रेयस अय्यर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मैच के दौरान उन्हें पसलियों में गहरी चोट लगी थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया और आईसीयू में रखा गया। अब अय्यर ने अपनी सेहत को लेकर पहली बार सोशल मीडिया पर अपडेट दिया है। उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा, “मैं अभी ठीक हो रहा हूं। मेरी हालत दिन-ब-दिन सुधर रही है। आप सभी का शुक्रिया जिन्होंने मेरा साथ दिया और मेरे जल्द ठीक होने की दुआ की। मैं आपके प्यार के लिए आभारी हूं।”
पसलियों में चोट, इंटरनल ब्लीडिंग और ICU में भर्ती
सिडनी में खेले गए तीसरे वनडे में एलेक्स कैरी की गेंद पर कैच लेते वक्त अय्यर बुरी तरह गिर पड़े थे। इस दौरान उनकी पसलियों और तिल्ली (spleen) में चोट लग गई। डॉक्टरों की जांच में पता चला कि आंतरिक रक्तस्राव (Internal bleeding) हुआ है। स्थिति गंभीर होने पर उन्हें तुरंत आईसीयू में भर्ती कराया गया। इस खबर से उनके प्रशंसक और टीम मैनेजमेंट दोनों चिंतित हो गए थे। हालांकि, बीसीसीआई ने बताया कि उनकी कोई सर्जरी नहीं हुई है और अब वह तेजी से रिकवरी कर रहे हैं।

दो महीने रहेंगे मैदान से दूर
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अय्यर को पूरी तरह फिट होने में करीब दो महीने लग सकते हैं। इसके चलते वह नवंबर में होने वाली दक्षिण अफ्रीका वनडे सीरीज से बाहर रहेंगे। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि “श्रेयस की हालत स्थिर है, और वह बहुत तेजी से ठीक हो रहे हैं। जल्द ही वे फिजिकल ट्रेनिंग शुरू करेंगे।”
शानदार फॉर्म में थे अय्यर
इस सीरीज से पहले अय्यर को टीम का उप-कप्तान बनाया गया था। पहले मैच में वह असफल रहे थे, लेकिन दूसरे वनडे में उन्होंने 61 रनों की बेहतरीन पारी खेली थी। तीसरे मैच में फील्डिंग के दौरान हुई दुर्घटना ने उनके दौरे को अचानक समाप्त कर दिया। भारत ने यह वनडे सीरीज 2-1 से गंवाई, और अब दोनों टीमें टी20 सीरीज खेल रही हैं। पहला टी20 मुकाबला कैनबरा में बारिश के कारण रद्द हो गया, जबकि दूसरा टी20 31 अक्टूबर को खेला जाएगा।
इसे भी पढ़ें : बड़ा हादसा : नाव पलटी और लापता हो गये 22 लोग



