अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : टेलीकॉम नियामक ट्राई (TRAI) ने सितंबर 2025 के कंज्यूमर मार्केट शेयर (CMS) के आंकड़े जारी कर दिए हैं। रिपोर्ट के अनुसार बिहार और झारखंड में रिलायंस जियो ने सबसे ज़्यादा नए ग्राहकों को जोड़ा है। सितंबर महीने में जियो ने 4.18 लाख नए ग्राहक जोड़े, जिससे कंपनी के कुल यूजर्स की संख्या 4 करोड़ 31 लाख 76 हजार 952 तक पहुंच गई। अगस्त में जियो के पास 4 करोड़ 27 लाख 59 हजार 124 ग्राहक थे। यानी सिर्फ एक महीने में जियो ने बड़ी बढ़त हासिल की है, जो पूरे टेलीकॉम सेक्टर की कुल बढ़त का लगभग 70% हिस्सा है।
एयरटेल को भी मिली बढ़त
रिपोर्ट के मुताबिक, भारती एयरटेल ने भी सितंबर 2025 में 2 लाख 54 हजार 576 नए ग्राहक जोड़े। अगस्त में एयरटेल के पास 4 करोड़ 8 लाख 49 हजार 847 ग्राहक थे जो बढ़कर सितंबर में 4 करोड़ 11 लाख 4 हजार 423 हो गए। इस तरह एयरटेल ने भी जियो के बाद मजबूत पकड़ बनाई है।
वोडा-आइडिया और बीएसएनएल को फिर झटका
दूसरी ओर, वोडा-आइडिया को 60 हजार 279 ग्राहकों का नुकसान हुआ। अगस्त में कंपनी के पास 78 लाख 95 हजार 64 ग्राहक थे जो घटकर सितंबर में 78 लाख 34 हजार 785 रह गए। इसी तरह सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी बीएसएनएल ने भी 1 हजार 708 ग्राहक खोए। अब इसके यूजर्स की संख्या घटकर 56 लाख 68 हजार 882 रह गई है।
बिहार सर्किल में कुल 6 लाख से अधिक नए मोबाइल उपभोक्ता
ट्राई की रिपोर्ट के अनुसार, बिहार टेलीकॉम सर्किल (जिसमें बिहार और झारखंड शामिल हैं) में सितंबर 2025 में कुल 6 लाख 10 हजार 417 नए मोबाइल यूजर्स जुड़े हैं। हालांकि, इतनी बढ़त के बावजूद बिहार सर्किल की टेली डेंसिटी 58.02% ही है, जो देश में सबसे कम है।
इसे भी पढ़ें : जख्मी श्रेयस अय्यर ने दिया बड़ा अपडेट, लिखा- मेरी हालत दिन-ब-दिन…



