अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि जंगलराज अब चेहरा और भेष बदलकर लौटना चाहता है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे सतर्क रहें क्योंकि अगर महागठबंधन की सरकार बनी तो बिहार फिर अंधेरे में चला जाएगा।
नीतीश ही एनडीए का चेहरा
शाह ने स्पष्ट कहा कि एनडीए में नेतृत्व को लेकर कोई भ्रम नहीं है। नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री पद का चेहरा हैं और उन्हीं के नेतृत्व में चुनाव लड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार में कोई ‘एकनाथ शिंदे’ नहीं बनने वाला।
तेजस्वी का नौकरी वादा छलावा
तेजस्वी यादव के 10 लाख नौकरियों के वादे को शाह ने अव्यावहारिक बताया। उन्होंने कहा कि इसके लिए राज्य का बजट चार गुना बढ़ाना पड़ेगा। इतना पैसा कहां से आएगा? शाह ने कहा कि महिलाओं को 10 हजार रुपये देने की योजना आत्मनिर्भरता के लिए है, वोट खरीदने के लिए नहीं।
पलायन रोकने का नया मॉडल
शाह ने कहा कि बिहार से पलायन रोकने के लिए सरकार स्वरोजगार मॉडल पर काम कर रही है। अगर युवा अपने गांव में 25 हजार रुपये मासिक कमा सके तो उसे बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। हर पंचायत में लघु उद्योग और माइक्रो-उद्यम की योजना तैयार की जा रही है।
नक्सलवाद 2026 तक खत्म करने का लक्ष्य
गृह मंत्री ने बताया कि पहले नक्सलवाद 130 जिलों में फैला था, अब यह सिर्फ 11 जिलों में सीमित रह गया है। उन्होंने दावा किया कि 31 मार्च 2026 तक देश से नक्सलवाद पूरी तरह खत्म हो जाएगा। जो नक्सली आत्मसमर्पण कर रहे हैं, उन्हें स्किल ट्रेनिंग और रोजगार दिया जा रहा है।
घुसपैठियों पर सख्त रुख
शाह ने कहा कि बिहार की मतदाता सूची से 35 लाख नाम हटाए गए हैं, जिनमें कई घुसपैठियों के थे। उन्होंने कहा कि भारत कोई धर्मशाला नहीं है और देश की सुरक्षा के लिए ऐसे तत्वों को बाहर किया जाएगा।
औद्योगिकीकरण पर भरोसा
अमित शाह ने कहा कि बरौनी रिफाइनरी चालू हो चुकी है और बिहार अब इथेनॉल उत्पादन में नंबर वन है। पीएम मित्रा पार्क जैसे प्रोजेक्ट से राज्य को नई औद्योगिक पहचान मिलेगी।
ड्रग्स पर भी सख्त कार्रवाई
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ड्रग कार्टेल को तोड़ने पर फोकस कर रही है। नक्सलवाद की तरह ही इस पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी ताकि नेटवर्क पूरी तरह खत्म हो जाए।
जनता ही तय करेगी अगला नेता
शाह ने कहा कि भाजपा नेता नहीं बनाती, जनता बनाती है। हर जाति और वर्ग से भाजपा के पास युवा नेतृत्व तैयार है। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य सिर्फ सत्ता नहीं, लोकसंग्रह और विचार विस्तार है।
इसे भी पढ़ें : “प्रिय प्रदेशवासियों…” बिहार की जनता से क्या अपील कर गए CM नीतीश… जानें

