अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : पुलिस की वर्दी में ड्यूटी के दौरान जिस सख्ती और अनुशासन की झलक दिखती है, उसी वर्दी ने शुक्रवार को जोश, उमंग और दोस्ती से भरा एक अलग रूप दिखाया। मौका था रांची पुलिस लाइन में शुरू हुई तीन दिवसीय दक्षिण छोटानागपुर क्षेत्रीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता का। यहां हर ओर मैदान में गूंजती सीटी, तालियों की आवाज़ और खिलाड़ियों की पुकार ने माहौल को जीवंत बना दिया।
तनाव पुलिसकर्मियों का सबसे बड़ा दुश्मन : आईजी
मुख्य अतिथि रांची जोन के आईजी मनोज कौशिक ने रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। उनके साथ रांची के एसएसपी राकेश रंजन, सिमडेगा एसपी मो अर्शी और खूंटी एसपी मनीष टोप्पो, रांची के रुरल एसपी प्रवीण पुष्कर और ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह भी मौजूद थे। उद्घाटन भाषण में आईजी ने कहा कि तनाव पुलिसकर्मियों का सबसे बड़ा दुश्मन है। लेकिन खेलकूद उस तनाव को तोड़ने का सबसे अच्छा जरिया है। फिट पुलिस ही जनता को बेहतर सेवा दे सकती है।

खेल से बढ़ती अपनापन की भावना : एसएसपी
एसएसपी राकेश रंजन ने कहा कि पुलिसकर्मियों की फिटनेस सिर्फ शारीरिक नहीं, मानसिक मजबूती से भी जुड़ी होती है। खेलों से न सिर्फ शरीर मजबूत होता है बल्कि टीमवर्क और अनुशासन की भावना भी गहरी होती है। उन्होंने कहा कि जब पुलिसकर्मी मैदान में एक टीम बनकर खेलते हैं, तो वही एकजुटता उन्हें ड्यूटी के समय भी मजबूत बनाती है।
मैदान में जज्बा और जमीनी दोस्ती
मैदान में रांची, लोहरदगा, खूंटी, सिमडेगा और गुमला की टीमें उतर चुकी थीं। किसी को फुटबॉल में गोल दागना था, तो कोई कबड्डी में “कबड्डी-कबड्डी” कहते हुए जोश से भरा हुआ था। तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, हॉकी, हैंडबॉल, कबड्डी, कराटे और दौड़ सहित एक दर्जन से अधिक खेलों के मुकाबले होंगे। पुलिस लाइन का हर कोना इन दिनों उत्सव-सा लग रहा है। जवानों के लिए यह सिर्फ खेल नहीं, बल्कि खुद से दोबारा जुड़ने का मौका है।

नेशनल गेम का रास्ता यहीं से
आज प्रतियोगिता में रांची के ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह और कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय सहित अन्य अधिकारियों ने बाजी मारी। आईजी मनोज कौशिक ने विजेताओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। इस प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ी नेशनल गेम्स में खेलने का मौका पाएंगे। मैदान में हर खिलाड़ी के भीतर यही उम्मीद और जुनून था कि उनका प्रदर्शन न सिर्फ उनकी टीम, बल्कि पूरे जिले का नाम रौशन करेगा।
इसे भी पढ़ें : CM हेमंत से मिलीं राज्य की पहली महिला प्रभारी DGP तदाशा मिश्रा

