अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Dhanbad : झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह ने रविवार को वर्षों से चली आ रही अपनी चुप्पी तोड़ते हुए नीरज सिंह हत्याकांड में अपना नाम आने को जीवन का सबसे बड़ा दुख बताया। उन्होंने कहा कि उनका और नीरज का रिश्ता बेहद गहरा था और ऐसे मामले में उनका नाम जुड़ना उनके लिए असहनीय रहा।
सोचा भी नहीं था मेरा नाम जुड़ेगा : संजीव सिंह
संजीव सिंह ने भावुक होते हुए कहा कि वे और उनके भाई नीरज सिंह बचपन से एक-दूसरे के बेहद करीब थे। उन्होंने कहा, “हम साथ बड़े हुए, खेल-कूद में बचपन बीता। ऐसे में यह कल्पना से बाहर था कि उस दुखद घटना में मेरा नाम आएगा।”
सीबीआई जांच की मांग का जिक्र
पूर्व विधायक ने बताया कि वर्ष 2017 में हुई इस घटना के बाद उन्होंने स्वयं निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई जांच की मांग की थी, ताकि सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने कहा कि यह घटना केवल परिवार के लिए नहीं बल्कि समाज के लिए भी बेहद चिंता का विषय थी।
परिवार और लोगों से बढ़ी दूरी, अब कम करने का प्रयास
संजीव सिंह ने स्वीकार किया कि राजनीति में सक्रियता के चलते परिवार और परिचितों से दूरी बढ़ गई थी। उन्होंने कहा कि अब वे उस दूरी को कम करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पत्रकारों से भी लंबे समय तक दूरी रही, जिसे अब खत्म किया जा रहा है।
पत्नी रागिनी सिंह की सक्रियता की सराहना
उन्होंने बताया कि 2017 में जेल जाने के बाद उन्होंने 2019 में अपनी पत्नी और झरिया की पूर्व विधायक रागिनी सिंह को संदेश भेजा था कि वे जनता के बीच सक्रिय रहें। उन्होंने कहा, “हमारे परिवार की राजनीतिक परंपरा सिर्फ चुनाव लड़ने की नहीं, बल्कि समाज सेवा की रही है।”
स्वास्थ्य सुधरने पर लेंगे राजनीतिक निर्णय
संजीव सिंह ने कहा कि वे अपने स्वास्थ्य के अनुसार भविष्य की राजनीतिक भूमिका तय करेंगे। उन्होंने कहा कि उन्होंने जीवन में बहुत कुछ सहा है, पर उन्हें विश्वास है कि सच्चाई सामने आएगी और न्याय मिलेगा।
कानूनी पहलुओं पर सीमित टिप्पणी
संजीव सिंह ने बताया कि उन्होंने 2019 में सीबीआई जांच के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया था। यह मामला करीब दो वर्ष हाईकोर्ट में लंबित रहने के बाद 2023 में राज्य सरकार से जवाब मांगा गया था। हालांकि, इस पर उन्होंने विस्तृत टिप्पणी करने से परहेज किया और कहा कि न्याय पर भरोसा बनाए रखना चाहिए।
इसे भी पढ़ें : झारखंड में बढ़ेगी कड़ाके की ठंड, 4 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी

