अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Hazaribagh : हजारीबाग के मुफ्फसिल थाना पुलिस ने नशा का गंदा धंधा करने वालों को तगड़ा झटका दिया है। पुलिस ने गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई में लगभग 42.5 लाख रुपये की अफीम बरामद की है। वहीं, चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। ASP मुख्यालय अमित आनंद ने बताया कि सूचना मिली थी कि मुफ्फसिल थाना क्षेत्र स्थित कत्था फैक्ट्री के पास टॉयोटा शो-रूम के सामने कुछ तस्कर अफीम की खरीद-बिक्री करने वाले हैं। सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम बनाई गई। टीम के पहुंचते ही तस्कर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया।
अफीम, मोबाइल और वाहन बरामद
जांच में पुलिस ने 8.2 किलोग्राम अफीम, चार मोबाइल फोन और एक पिकअप वाहन जब्त किया। गिरफ्तार आरोपियों में सचिन कुमार, राकेश कुमार, ननकू ठाकुर और अजीत दांगी शामिल हैं।
चतरा से हरियाणा ले जा रहे थे अफीम
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अफीम को चतरा से हरियाणा ले जा रहे थे। पुलिस ने इनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस छापेमारी में इंस्पेक्टर शुभ्रज्योति, थानेदार रोशन कुमार, सशस्त्र बल के जवान और तकनीकी शाखा की भूमिका सराहनीय रही।
इसे भी पढ़ें : झारखंड में बढ़ेगी कड़ाके की ठंड, 4 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी

