अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के बाद पहला शीतकालीन सत्र 1 दिसंबर से शुरू हो रहा है। सत्र शुरू होने से पहले आज विधानसभा भवन को फूलों से सजाया गया। तैयारियां भी लगभग पूरी हो चुकी हैं। चुनाव के बाद पहली बार नवनिर्वाचित विधायक और मंत्री विधानसभा पहुंचेंगे। उनके स्वागत की विशेष तैयारी की गई है। कल सभी नए विधायकों को शपथ दिलाई जाएगी।
विधानसभा परिसर में कड़ी सुरक्षा
सुरक्षा को देखते हुए आज से ही परिसर के अंदर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है। डॉग स्क्वायड और मशीनों से वाहनों और सामान की जांच हो रही है। बाहर की ओर सड़कों पर बैरिकेडिंग लगाकर कड़ी चेकिंग की जा रही है। सुरक्षाकर्मी परिसर में लगातार सर्च अभियान भी चला रहे हैं।
800 जवान तैनात, 1 से 5 दिसंबर तक प्रतिबंधात्मक आदेश
इस बार सत्र के दौरान सुरक्षा और सख्त रखने के लिए विधानसभा के आसपास 800 जवान लगाए गए हैं। SDM गौरव कुमार ने 1 से 5 दिसंबर तक धारा 163 लागू कर दी है। इस दौरान धरना, प्रदर्शन, जुलूस, नारेबाजी और पांच या उससे अधिक लोगों के समूह में इकट्ठा होने पर रोक रहेगी। हथियार लेकर चलने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।
धरने के लिए केवल एक जगह तय
धारा का असर राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों पर पड़ सकता है। इसके लिए प्रशासन ने साफ किया है कि किसी भी तरह के धरना-प्रदर्शन के लिए केवल गर्दनीबाग धरनास्थल ही मान्य होगा।
किन पर लागू नहीं होगा आदेश
सरकारी अधिकारी, कर्मचारी, सुरक्षा बल, विधायक, विधान पार्षद, सांसद और आवश्यक सरकारी काम से आने-जाने वाले लोग इस आदेश से बाहर रहेंगे।
यातायात और वीआईपी मूवमेंट पर सख्त नजर
पटना SSP कार्तिकेय के शर्मा के अनुसार सुरक्षा तीन हिस्सों पर केंद्रित है:
- यातायात व्यवस्था
- विधानसभा परिसर की सुरक्षा
- प्रोटोकॉल और वीआईपी मूवमेंट
जरूरत पड़ने पर ट्रैफिक डायवर्जन भी किया जाएगा। विधानसभा और विधान परिषद की टीमों के साथ मिलकर पूरी सुरक्षा योजना तैयार की गई है।
इसे भी पढ़ें : कल से 31 दिसंबर तक पटना की सड़कों पर होगा बुलडोजर एक्शन… जानें

