अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : दिसंबर की शुरुआत के साथ बिहार में ठंड का असर बढ़ गया है। मंगलवार की सुबह पटना, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, समस्तीपुर और बेगूसराय जैसे जिलों के कई हिस्सों में कोहरा देखने को मिला। कोहरे की वजह से लोगों को यात्रा के दौरान परेशानी हुई।
तापमान में लगातार गिरावट
मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से तापमान नीचे आ रहा है। अगले चार से पांच दिनों में ठंड और तेज होगी। न्यूनतम तापमान तीन डिग्री तक नीचे जाने की संभावना है। उत्तर बिहार के जिलों में कोहरे का असर ज्यादा दिख सकता है। विभाग का कहना है कि इस साल दिसंबर में पिछले साल से अधिक ठंड पड़ेगी और कई दिन कड़ाके की सर्दी महसूस होगी।
अगले पांच दिन मौसम रहेगा शुष्क
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अगले पांच दिन बारिश की संभावना नहीं है। उत्तर पश्चिमी और पूर्वी बिहार में सुबह और शाम ठंडी हवाओं का असर रहेगा। अगले दो दिनों में कुछ इलाकों में हल्का से मध्यम कोहरा बने रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन न्यूनतम तापमान अगले 48 घंटों में दो से चार डिग्री तक गिर सकता है।
पिछले 24 घंटे : मौसम पूरी तरह शुष्क
बिहार में पिछले 24 घंटों के दौरान कहीं भी बारिश नहीं हुई। अधिकतम तापमान 25 से 28 डिग्री के बीच रहा, जिसमें सबसे अधिक तापमान 28 डिग्री मोतिहारी में दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री (किशनगंज) से 17.7 डिग्री के बीच रहा। पूर्णिया में धुंध के कारण न्यूनतम दृश्यता 500 मीटर दर्ज की गई।
इसे भी पढ़ें : भाजपा के ये दिग्गज नेता बने बिहार विधानसभा के अध्यक्ष



