अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो इन दिनों बड़े परिचालन संकट से जूझ रही है। बुधवार को एयरलाइन ने अचानक 70 से अधिक उड़ानें रद्द कर दीं, जिससे मुंबई और बेंगलुरु जैसे प्रमुख एयरपोर्ट्स पर हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
क्रू की कमी बनी सबसे बड़ी समस्या
सूत्रों के मुताबिक रद्द उड़ानों की मुख्य वजह चालक दल की भारी कमी है। एफडीटीएल (Flight Duty Time Limitation) के नए नियम लागू होने के बाद इंडिगो को क्रू उपलब्ध कराने में दिक्कतें बढ़ गई हैं। कई उड़ानें क्रू की कमी के कारण ग्राउंड पर ही रोक दी गईं।
इंडिगो ने स्वीकार किया कि तकनीकी खराबी, भीड़भाड़ और ऑपरेशनल समस्याओं की वजह से उड़ानें देरी से चलीं और कुछ रद्द करनी पड़ीं।
एयरलाइन ने 48 घंटे का ‘क्राइसिस प्लान’ लागू किया
बढ़ते संकट को देखते हुए इंडिगो ने अगले 48 घंटों के लिए अपनी समय-सारिणी में बड़े पैमाने पर बदलाव किए हैं। सूत्रों के अनुसार, एयरलाइन कई उड़ानों को रद्द करेगी या उनके समय में फेरबदल करेगी। कंपनी ने यात्रियों से असुविधा के लिए खेद जताते हुए कहा कि नेटवर्क में पिछले दो दिनों से भारी व्यवधान चल रहा है।
तकनीकी गड़बड़ियां और खराब मौसम ने बढ़ाई चुनौती
इंडिगो ने कहा कि छोटी तकनीकी दिक्कतें, सर्दियों के मौसम में शेड्यूल बदलाव और बढ़ती हवाई यातायात भीड़ ने परिचालन और जटिल बना दिया है।
FDTL नियमों ने एयरलाइनों की मुश्किलें बढ़ाईं
डीजीसीए द्वारा लागू किए गए नए FDTL नियमों के तहत:
साप्ताहिक विश्राम: 48 घंटे
रात्रिकालीन उड़ानों के घंटे बढ़े
नाइट लैंडिंग सीमा: 6 → 2
इन नियमों का दूसरा चरण 1 नवंबर से लागू किया गया और इसके बाद से इंडिगो समेत कई एयरलाइनों को भारी क्रू शॉर्टेज का सामना करना पड़ रहा है।
ऑन-टाइम परफॉर्मेंस में इंडिगो सबसे पीछे
मंत्रालय के अनुसार, मंगलवार को इंडिगो की OTP सिर्फ 35% रही, जबकि अन्य एयरलाइंस इससे कहीं बेहतर रहीं।
416 विमानों का बेड़ा, 50 जमीन पर
प्लेनस्पॉटर के अनुसार, इंडिगो के 416 विमानों में से 50 जमीन पर खड़े हैं, जिससे परिचालन और प्रभावित हो रहा है।
इसे भी पढ़ें : विराट कोहली ने फिर दिखाया दम, जड़ा 53वां वनडे शतक



