अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : पटना में 1, अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ में सीएम नीतीश कुमार ने उद्योग विभाग की हाई लेवल समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने कहा कि तेज आर्थिक विकास और रोजगार के लिए बड़े पैमाने पर औद्योगीकरण जरूरी है। बिहार ने इस दिशा में पिछले वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति की है।
2005 से 2025 तक उद्योगों की तस्वीर कैसे बदली
मुख्यमंत्री ने बताया कि 2005 में राज्य में 46 औद्योगिक क्षेत्र थे, जो 2025 में बढ़कर 94 हो गए। औद्योगिक इकाइयों की संख्या 1674 से बढ़कर 3500 तक पहुंच गई। इसके अलावा, बिहार से औद्योगिक उत्पादों का निर्यात 25 करोड़ रुपये से बढ़कर 17 हजार करोड़ रुपये हो गया है। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग भी 72 हजार से बढ़कर 35 लाख तक पहुंच गए। जीएसडीपी में उद्योगों का योगदान अब 21 प्रतिशत से अधिक है।
अगले 5 साल में 50 लाख करोड़ निवेश का लक्ष्य
सरकार ने एक महत्वाकांक्षी योजना पर काम शुरू कर दिया है, जिसके तहत राज्य को भारत के शीर्ष पांच निवेश अनुकूल राज्यों में शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए देश और विदेश के व्यापारिक केंद्रों में निवेशक सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।
योजना में शामिल प्रमुख बिंदु:
- ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को मजबूत बनाना
- 5 नए मेगा फूड पार्क
- 10 औद्योगिक पार्क और 100 एमएसएमई पार्क
- 7 लाख युवाओं को कौशल प्रशिक्षण
- सभी जिलों में एमएसएमई केंद्र
मुख्यमंत्री उद्यमी योजना से हजारों को मदद
अब तक 44,073 उद्यमियों को प्रोत्साहन राशि दी गई है। इससे बड़ी संख्या में लोग अपना कारोबार शुरू कर चुके हैं और रोजगार भी बढ़ा है।
बिहार को टेक हब बनाने की दिशा में कदम
राज्य सरकार डिफेंस कॉरिडोर, सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग पार्क, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर, मेगा टेक सिटी और फिनटेक सिटी जैसी योजनाओं पर भी तेजी से काम कर रही है। इनकी निगरानी और कार्यान्वयन के लिए शीर्ष समिति का गठन किया गया है।
नए औद्योगिक पार्क और क्लस्टर की तैयारी
गया जिले के डोभी में 1700 एकड़ में फैले एकीकृत विनिर्माण क्लस्टर की स्थापना जल्द शुरू होगी। राज्य के 29 जिलों में 31 नए अत्याधुनिक औद्योगिक पार्क बनाए जाएंगे, जिनमें 10 सेक्टर आधारित पार्क भी शामिल होंगे। इस पूरे काम पर लगभग 26,000 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
बुनियादी सुविधाओं में सुधार से उद्योगों को लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सड़क, रेल, हवाई संपर्क, बिजली और कानून व्यवस्था में सुधार से अब उद्योगों के लिए बेहतरीन माहौल तैयार हो गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश है कि युवाओं को रोजगार के लिए बाहर न जाना पड़े।
इसे भी पढ़ें : सीएम नीतीश ने धान अधिप्राप्ति पर कड़ी चेतावनी दी, अधिकारियों में हलचल

