अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Sitapur (UP) : सीतापुर के पिसावां कस्बे में सोमवार की सुबह आम दिनों जैसी ही थी। लोग अपने काम में जुटने की तैयारी कर रहे थे। तभी एक घर के अंदर ऐसा मंजर सामने आया, जिसने पूरे गांव को सन्न कर दिया। करीब 22 साल के अभय गुप्ता का शव उसके ही घर के ऊपरी कमरे में पंखे से लटका मिला। एक हंसता बोलता युवक, जो रात को परिवार के साथ खाना खाकर सोने गया था, सुबह हमेशा के लिए खामोश हो चुका था।
सुबह देर तक नहीं खुला दरवाजा
अभय के पिता अमरीश गुप्ता बताते हैं कि रविवार रात करीब आठ बजे वह अपने बेटे के साथ खेत से लौटे थे। घर आकर दोनों ने साथ खाना खाया। रात करीब 11 बजे अभय अपने कमरे में सोने चला गया। यह किसी को नहीं पता था कि वह रात उसकी जिंदगी की आखिरी रात होगी। सोमवार सुबह जब काफी देर तक अभय कमरे से बाहर नहीं आया तो परिवार को चिंता हुई। दरवाजा खोला गया तो सामने बेटे की लटकी हुई लाश थी। मां की चीखें सुनकर आसपास के लोग भी जमा हो गए।
बातचीत से शुरू हुआ दबाव
परिजनों के अनुसार अभय गांव की ही एक लड़की से बातचीत करता था। शुरुआत में इसे परिवार ने सामान्य बातचीत ही माना, लेकिन धीरे-धीरे हालात बदलने लगे। पिता का आरोप है कि युवती, उसकी मां और मामा शादी के लिए लगातार दबाव बनाने लगे। अभय ने जब शादी से इनकार किया तो उसे धमकियां दी जाने लगीं। परिवार का कहना है कि पहले भी इस मामले में अभय को कानूनी झंझट में फंसाया गया था, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा था।
24 घंटे का डर
अमरीश गुप्ता बताते हैं कि आठ दिसंबर को आरोपित एक बार फिर घर आए थे। इस बार बात सिर्फ दबाव तक सीमित नहीं रही। आरोप है कि 24 घंटे के भीतर शादी न करने पर गंभीर मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। परिजनों का कहना है कि इसी डर और तनाव ने अभय को अंदर से तोड़ दिया। वह किसी से खुलकर बात भी नहीं कर पा रहा था।
गांव में पसरा सन्नाटा
अभय की मौत के बाद गांव में शोक का माहौल है। पड़ोसी बताते हैं कि वह शांत स्वभाव का लड़का था और परिवार की जिम्मेदारियां समझता था। किसी को अंदाजा नहीं था कि वह इतना बड़ा कदम उठा लेगा। लोग सवाल कर रहे हैं कि क्या सामाजिक दबाव और धमकियों से एक युवक की जान जाना सामान्य बात बनती जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलने पर पिसावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक के पिता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
इसे भी पढ़ें : किसानों से लेकर पुलिसकर्मी तक, सीएम योगी ने सुनी हर फरियाद

