अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : डीसी मनीष कुमार ने सोमवार को सदर प्रखंड और अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दो सप्ताह पहले दिए गए निर्देशों पर हुई कार्रवाई की विस्तार से समीक्षा की। निरीक्षण के क्रम में डीसी ने विभिन्न पंजियों, स्टॉक रजिस्टर, अभिलेखों के संधारण और उनके अद्यतन की स्थिति देखी। साथ ही यह भी जांचा गया कि कर्मचारियों को कार्य आवंटन सही ढंग से किया गया है या नहीं। दैनिक कार्यों के निष्पादन में आ रही समस्याओं पर भी अधिकारियों से जानकारी ली गई।
जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
डीसी ने सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं का लाभ आम लोगों तक समय पर और पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचना चाहिए।
आवेदनों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
“आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत प्राप्त आवेदनों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। डीसी ने स्पष्ट कहा कि सभी आवेदनों का शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

प्रशासन को बताया सबसे अहम इकाई
निरीक्षण के दौरान डीसी ने कहा कि प्रखंड और अंचल प्रशासन जनता से सीधे जुड़ी सबसे महत्वपूर्ण इकाई है। इसे मजबूत, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए नियमित निरीक्षण और समीक्षा जारी रहेगी, ताकि आम नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिल सकें।
कौन-कौन रहे मौजूद
इस मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी समीर अल्फ्रेड मुर्मू, अंचलाधिकारी अरबिंद कुमार बेदिया सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।
इसे भी पढ़ें : धान बेचने पर अब बिचौलियों की छुट्टी, डीसी ने खोला नया अधिप्राप्ति केंद्र



