अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची की सड़कों पर मनमानी करने वाले बदमाशों और नशेड़ियों के खिलाफ पुलिस ने कड़ा शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शहर में बढ़ती छिनतई, ट्रैफिक की बिगड़ती स्थिति और शाम ढलते ही जमने वाले अड्डेबाजों के खिलाफ रांची पुलिस ने रात को बड़ा अभियान चलाया। SSP राकेश रंजन के नेतृत्व में सुखदेवनगर, पंडरा, कोतवाली और अरगोड़ा थाना क्षेत्रों के साथ-साथ कुख्यात मुंडला पहाड़ इलाके में ताबड़तोड़ छापेमारी की गई। पुलिस के इस औचक एक्शन से शहर के असामाजिक तत्वों में अफरा-तफरी मच गई और अड्डेबाजी करने वाले लड़के गलियां छोड़कर भागते दिखे।
सड़कों पर उतरी पुलिस की पूरी टीम
इस बड़ी कार्रवाई की खास बात यह रही कि शहर की सुरक्षा संभालने वाले सभी आला अधिकारी खुद सड़कों पर उतरे। एसएसपी राकेश रंजन के साथ सिटी एसपी पारस राणा, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह और ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी भारी पुलिस बल के साथ संदिग्ध इलाकों में पहुंचे। पुलिस टीम ने शहर के उन तमाम क्राइम ब्लैंक स्पॉट्स की घेराबंदी की, जहां अक्सर अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाश राहगीरों को निशाना बनाते हैं। चौक-चौराहों और पार्कों के आसपास खड़े संदिग्धों की सघन तलाशी ली गई और बेवजह जमावड़ा लगाने वालों को सख्त हिदायत देकर खदेड़ा गया।

मुंडला पहाड़ से गली-कूचों तक दी दबिश
कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने मुंडला पहाड़ और आसपास के बीहड़ इलाकों में चल रहे अवैध ठिकानों पर दबिश दी। यहां से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई और धंधेबाजों के अड्डों को मौके पर ही ध्वस्त कर दिया गया। शहर में ट्रैफिक नियमों को तोड़ने वालों और रैश ड्राइविंग करने वाले मनचलों पर भी शिकंजा कसा गया।
एसएसपी राकेश रंजन ने साफ कर दिया है कि आम जनता की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शहर के चौक-चौराहों, सुनसान रास्तों और महिलाओं की आवाजाही वाले इलाकों में लगातार गश्त जारी रहेगी। पुलिस का यह अभियान आने वाले दिनों में और तेज होगा ताकि राजधानी को भयमुक्त बनाया जा सके और अपराध की योजना बना रहे बदमाशों को सलाखों के पीछे भेजा जा सके।
इसे भी पढ़ें : पुलिस को देखते ही भागे उचक्के, लोडेड पिस्टल के साथ दबोचे गये

