अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची का ध्रुव पत्राटोली इलाका बीती देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। यह इलाका नगड़ी थाना क्षेत्र में पड़ता है। मिली जानकारी के अनुसार रात करीब 12 बजे बबलू सोनार के घर पर अज्ञात अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसायी और फरार हो गये। करीब 6-7 राउंड गोलियां घर को टारगेट कर दागी गयीं, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी। मिली सूचना पर नगड़ी थानेदार प्रवीण कुमार अपनी टीम के साथ स्पॉट पर पहुंचे। उन्होंने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला, पर धुंध के चलते सीसीटीवी फुटेज में हमलावरों का चेहरा सही से कैद नहीं हो पाया। वहीं, घर के आसपास से पुलिस को 6 खोखे मिले। घर से कुछ ही दूर पर हमलावरों की एक बाइक भी गिरी मिली, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
इधर, आज यानी शनिवार को कुख्यात राहुल सिंह गैंग के आजाद सरकार के नाम से एक प्रेस रिलीज जारी कर इस हमले की जिम्मेदारी ली गयी है। यह प्रेस रिलीज दिन के करीब तीन बजे आजाद सरकार से नाम से बने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट किया गया और उसे कुख्यात राहुल सिंह को टैग किया गया। रिलीज के जरिये आजाद सरकार ने बबलू सोनार को खुली धमकी दी है। लिखा गया है कि “कल रात 12 बजे बबलू सोनार के घर पर जो गोलीबारी हुई है, वह मेरे आजार सरकार, राहुल सिंह गैंग के द्वारा करवाया गया है। यह जो घटना है, इसका जिम्मेदार सिर्फ और सिर्फ बबलू सोनार है।” आजाद सरकार के नाम का यह पोस्ट अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। हालांकि इस वायरल पोस्ट में कितना दम है, इसका आधिकारिक तौर पर कोई खुलासा नहीं हो पाया है।
पोस्ट में आगे जिक्र है कि “सभी को आजाद सरकार की अंतिम चेतावनी है। कुछ लोग अपना औकात भूल गये हैं, तो ये घटना कान का पर्दा खोलने के लिए था। नेक्स्ट टाइम किसी को नहीं बख्शा जायेगा, चाहे फिर वो कोई भी हो।” आगे अपशब्द का इस्तेमाल करते हुए लिखा है कि “जिसके दम पर उड़ रहे हो और फुरफुरा रहे न, वो काम नहीं आयेंगे।” रिलीज के अंत में बबलू सोनार और उसके घरवालों को जान की धमकी दी गयी है। क्या कुछ लिखा है वायरल प्रेस रिलीज में, पढ़ें हू-ब-हू…

इसे भी पढ़ें : “अगर जो मेरा ईगो हर्ट हुआ…”, कुख्यात आजाद सरकार का धमकी भरा पोस्ट वायरल



