अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के पटना स्थित 10 सर्कुलर रोड वाले सरकारी आवास को खाली करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बीती देर रात छोटी गाड़ियों से पौधे, गमले और गार्डन का सामान बाहर निकाला गया। पहले यह सामान गोला रोड की गौशाला में ले जाया गया, बाद में अन्य जगह शिफ्ट किया जाएगा।
यह शिफ्टिंग ऐसे समय हो रही है जब RJD सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव दिल्ली में हैं और तेजस्वी यादव भी बाहर हैं। घर में फिलहाल कोई पुरुष सदस्य नहीं है। RJD की ओर से अभी इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। मालूम हो कि 25 नवंबर को बिहार भवन निर्माण विभाग ने राबड़ी देवी को नोटिस जारी कर 10 सर्कुलर रोड का आवास खाली करने को कहा था। इसके बदले उन्हें हार्डिंग रोड पर केंद्रीय पूल का आवास नंबर 39 आवंटित किया गया है। यह आवास विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष के पद के लिए निर्धारित है।
लालू परिवार करीब 20 साल से इस बंगले में रह रहा था। 1997 में चारा घोटाला मामले में लालू प्रसाद की गिरफ्तारी के बाद राबड़ी देवी मुख्यमंत्री बनीं और बाद में 2005-06 से यह आवास उन्हें मिला। नोटिस के बाद तेजप्रताप यादव ने सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया दी थी, लेकिन अब शिफ्टिंग शुरू हो चुकी है। सूत्रों के अनुसार, पूरा सामान चरणबद्ध तरीके से महुआ बाग या अन्य निजी आवासों पर ले जाया जा रहा है। जल्द ही पूरी शिफ्टिंग पूरी होने की उम्मीद है।
इसे भी पढ़ें : आज से महंगा हुआ ट्रेन का सफर

