अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : भारत सरकार के युवा मामले और खेल मंत्रालय (MYAS) ने युवाओं को खेल क्षेत्र से जोड़ने और उन्हें व्यावहारिक अनुभव देने के लिए एक नई और व्यापक इंटर्नशिप योजना की शुरुआत की है। इस योजना के तहत हर साल कुल 452 पेड इंटर्नशिप दी जाएंगी, जिनमें चयनित छात्रों को 20,000 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड मिलेगा।
यह योजना खास तौर पर कॉलेज और विश्वविद्यालयों में पढ़ने वाले छात्रों के लिए तैयार की गई है, जिससे वे खेल प्रशासन, खेल विज्ञान और नीति निर्माण जैसे क्षेत्रों में व्यावहारिक अनुभव हासिल कर सकें।
कितना होगा बजट और उद्देश्य
इस इंटर्नशिप कार्यक्रम के लिए केंद्र सरकार ने लगभग 5.30 करोड़ रुपये का वार्षिक बजट तय किया है। इसका मुख्य उद्देश्य खेल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत बनाना, प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करना और युवाओं को खेलों के क्षेत्र में करियर के अवसर उपलब्ध कराना है।
कहां मिलेगी इंटर्नशिप
यह इंटर्नशिप खेल मंत्रालय और उसके प्रमुख स्वायत्त संस्थानों में उपलब्ध होगी, जिनमें शामिल हैं:
भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI)
राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (NADA)
राष्ट्रीय डोप परीक्षण प्रयोगशाला (NDTL)
यहां इंटर्न्स को अनुभवी अधिकारियों के साथ काम करने, प्रशिक्षण और नीति निर्माण की प्रक्रिया को नजदीक से समझने का अवसर मिलेगा।
कौन-कौन से क्षेत्रों में मिलेगा काम
इस योजना के तहत 20 से अधिक क्षेत्रों में इंटर्नशिप दी जाएगी, जिनमें प्रमुख हैं:
खेल प्रबंधन और प्रशासन
स्पोर्ट्स साइंस और रिसर्च
इवेंट मैनेजमेंट
मीडिया और कम्युनिकेशन
आईटी और डेटा एनालिसिस
कानूनी और नीति कार्य
एंटी डोपिंग शिक्षा और निगरानी
खेल योजनाओं में सीधी भागीदारी
इंटर्न्स को खेलो इंडिया, टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (TOPS) और टारगेट एशियन गेम्स ग्रुप (TAGG) जैसी प्रमुख योजनाओं में काम करने का अवसर मिलेगा। साथ ही उन्हें SAI स्टेडियम, क्षेत्रीय केंद्रों और राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्रों में फील्ड अनुभव भी मिलेगा।
चयन प्रक्रिया कैसी होगी
चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और मेरिट आधारित होगी।
आवेदन की जांच शैक्षणिक योग्यता, स्टेटमेंट ऑफ पर्पस और आवश्यक दस्तावेजों के आधार पर
10वीं, 12वीं और ग्रेजुएशन के अंकों के आधार पर मेरिट लिस्ट
अंतिम चयन संबंधित संस्थान द्वारा किया जाएगा
भर्ती प्रक्रिया वर्ष में दो बार जनवरी और जुलाई में आयोजित की जाएगी।
युवाओं के लिए बड़ा अवसर
यह योजना न सिर्फ युवाओं को रोजगार योग्य बनाएगी, बल्कि भारत के खेल तंत्र को अधिक पेशेवर, पारदर्शी और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने में भी अहम भूमिका निभाएगी।
इसे भी पढ़ें : SIR को लेकर ECI का नया आदेश, अब पांच दिनों में होंगे… जानें क्या

