अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड इन दिनों भीषण ठंड की गिरफ्त में है। राज्य के लगभग सभी जिलों में शीतलहर का असर साफ तौर पर महसूस किया जा रहा है। ठंड का आलम यह है कि ओस की बूंदें जमकर बर्फ का रूप ले रही हैं। कई इलाकों में पूरे दिन धुंध छाई रही, जबकि हल्की धूप भी लोगों को राहत नहीं दे पाई।
ठंडी और बर्फीली हवाओं के कारण घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। लोग ठंड से बचने के लिए हीटर और गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं। सुबह और शाम के साथ-साथ दोपहर में भी ठिठुरन बनी हुई है। यह स्थिति सिर्फ कुछ इलाकों तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे राज्य में देखी जा रही है।
मकर संक्रांति तक नहीं मिलेगी राहत
मौसम विभाग ने बताया है कि झारखंड में मकर संक्रांति तक ठंड का प्रकोप जारी रह सकता है। राज्य में न्यूनतम तापमान 4 से 7 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है और इसमें और गिरावट की संभावना जताई गई है। हिमालयी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी का असर झारखंड के मौसम पर पड़ रहा है।
खूंटी में सबसे ज्यादा ठंड
राज्य में सबसे कम तापमान खूंटी में दर्ज किया गया, जहां पारा 2.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मुरहू इलाके में सुबह के समय घास और वाहनों पर बर्फ की परत नजर आई। दिन में धूप निकलने के बावजूद ठंड का असर कम नहीं हुआ।
स्वास्थ्य पर बढ़ रहा असर
रांची, गुमला, लोहरदगा और लातेहार समेत सभी जिलों में ठंड का असर लोगों की सेहत पर भी पड़ रहा है। ठंड से जुड़ी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। रांची के रिम्स अस्पताल में भी ऐसे मरीजों की भीड़ देखी जा रही है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और ठंड से बचाव करने की अपील की है।



