अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Dhanbad : धनबाद में आज यानी मंगलवार भोरे-भोर ED की बड़ी कार्रवाई से कोयला कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया। ईडी की टीम ने जिले में करीब 25 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। यह कार्रवाई चर्चित कोयला कारोबारियों, उनके सहयोगियों, रिश्तेदारों और उनसे जुड़े लोगों के घरों और परिसरों पर की जा रही है। सुबह करीब साढ़े पांच बजे से ही अलग-अलग इलाकों में ईडी की टीमें स्थानीय पुलिस बल के साथ जांच में जुट गईं। सूत्रों के मुताबिक, टीम बैंकिंग लेनदेन, संपत्ति से जुड़े दस्तावेज, कारोबारी रिकॉर्ड और अन्य वित्तीय कागजातों की बारीकी से जांच कर रही है। फिलहाल सभी जगहों पर तलाशी जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ होगा कि ईडी को क्या-क्या अहम दस्तावेज या साक्ष्य मिले हैं।
झरिया, केंदुआ, लोयाबाद और मेमको मोड़ समेत कई जगहों पर कार्रवाई
ईडी की कार्रवाई धनबाद के कई इलाकों में एक साथ चल रही है। झरिया में यादव बंधुओं से जुड़े परिसरों पर अधिकारियों ने तलाशी ली। केंदुआ में मंडल बंधुओं के ठिकानों पर भी जांच की जा रही है। वहीं लोयाबाद में चौहान ब्रदर्स से जुड़े परिसरों पर दस्तावेजों की जांच जारी है। इसके अलावा मेमको मोड़ स्थित नालंदा कॉटेज में भी एक कोयला कारोबारी के आवास पर ईडी की टीम सुबह से मौजूद है और वहां भी तलाशी अभियान जारी है।
डिप्टी मेयर के भाई हरेंद्र चौहान के घर भी पहुंची ईडी
छापेमारी की जद में धनबाद नगर निगम के डिप्टी मेयर अरुण चौहान के भाई और धनबाद महानगर झामुमो के उपाध्यक्ष हरेंद्र चौहान भी आए हैं। लोयाबाद के कनकनी स्थित उनके आवास पर पश्चिम बंगाल और रांची नंबर की गाड़ियों से पहुंचे ईडी अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ कार्रवाई शुरू की। टीम ने हरेंद्र चौहान के दोनों आवासों को अपने कब्जे में लेकर एक-एक कमरे की तलाशी शुरू की। जांच के दौरान किसी भी बाहरी व्यक्ति को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई।
महिलाओं और समर्थकों ने किया विरोध
छापेमारी की खबर फैलते ही हरेंद्र चौहान के समर्थक बड़ी संख्या में उनके घर पहुंच गए। महिलाओं और पुरुष समर्थकों ने ईडी की कार्रवाई का विरोध किया। महिलाओं ने घर के अंदर जाने की मांग की, लेकिन अधिकारियों ने शुरुआत में उन्हें रोक दिया। कुछ देर तक मौके पर तनाव का माहौल बना रहा। बाद में स्थिति को देखते हुए ईडी ने कुछ महिलाओं को घर के अंदर जाने की अनुमति दी। इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अधिकारी अपने साथ बैग लेकर घर के अंदर गए हैं। हालांकि ईडी की ओर से इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।
दरवाजा नहीं खुला तो सीढ़ी लगाकर अंदर पहुंची टीम
एक अन्य जगह ईडी की टीम को कार्रवाई के दौरान मुश्किल का सामना भी करना पड़ा। बताया गया कि एक कोयला कारोबारी के रिश्तेदार के घर का दरवाजा काफी देर तक नहीं खोला गया। इसके बाद अधिकारियों ने सीढ़ी लगाकर परिसर के अंदर प्रवेश करने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद टीम ने अंदर जाकर जांच शुरू की।
वित्तीय लेनदेन और संपत्ति के रिकॉर्ड खंगाल रही ईडी
ईडी के अधिकारी अलग-अलग ठिकानों पर बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज, संपत्ति के कागजात, कारोबारी रिकॉर्ड और वित्तीय लेनदेन की जानकारी जुटा रहे हैं। कई जगहों पर इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और अन्य जरूरी दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों ने फिलहाल कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। पूरे मामले में जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि छापेमारी में क्या-क्या बरामद हुआ और आगे ईडी की कार्रवाई किस दिशा में बढ़ेगी।
इसे भी पढ़ें : ट्रेजरी घोटाले पर BJP का हमला, प्रतुल बोले- बड़े अफसरों को बचा रही सरकार

