अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : पाकुड़ कोर्ट परिसर से बुधवार को हत्या के दो दोषी फरार हो गए थे। घटना उस समय हुई जब एडीजे वन की अदालत ने उन्हें दोषी करार दिया था। दोषी ठहराए जाने के तुरंत बाद दोनों आरोपियों ने शौच जाने का बहाना बनाया और कोर्ट परिसर से भाग निकले। फरार आरोपियों की पहचान शिवधन महली और नरेन महली के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को पाकुड़ जिले के महेशपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को दोबारा पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। कोर्ट से फरार होने के बाद दोनों के खिलाफ नगर थाना में कांड संख्या 7/26 दर्ज किया गया। पुलिस ने इस मामले को गंभीर मानते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू की।
एसपी ने गठित की एसआईटी
घटना की गंभीरता को देखते हुए पाकुड़ की एसपी निधि द्विवेदी ने एक विशेष जांच दल का गठन किया। एसआईटी का नेतृत्व पुलिस कोर्ट कार्यालय के प्रभारी अनूप रोशन भेंगरा को सौंपा गया। विशेष जांच दल में वर्तमान नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता, तत्कालीन नगर थाना प्रभारी बबलू कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सन्नी सुप्रभात, सुखदेव शाह, सहायक अवर निरीक्षक भीम रजक और धनंजय मंडल को शामिल किया गया।
तकनीकी जांच से मिली सफलता
एसआईटी टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन इनपुट के आधार पर आरोपियों की तलाश की। इसके बाद महेशपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर दोनों फरार दोषियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
कोर्ट हाजत प्रभारी निलंबित
इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में कोर्ट के हाजत प्रभारी हरेंद्र नाथ मंडल को निलंबित कर दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कोर्ट सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जमीन विवाद से जुड़ा था हत्या का मामला
जानकारी के अनुसार अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर हुई हत्या के मामले में कुल चार लोगों को दोषी ठहराया गया था। 7 जनवरी को फैसला आने के बाद दो आरोपी कोर्ट परिसर से फरार हो गए थे, जिन्हें अब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
इसे भी पढ़ें : प्रोजेक्ट डिवाइस लौटा गया लोगों की मुस्कान, एसपी क्या बोलीं… देखें



