अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Palamu : पलामू जिले के डालटनगंज, चैनपुर और आसपास के क्षेत्रों में हुई कई चोरी और गृहभेदन की घटनाओं का पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन किया है। इस मामले में पुलिस ने एक महिला समेत कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में राजा कुमार उर्फ राजा डोम (23), लक्की कुमार उर्फ लक्की डोम (19), आकाश कुमार उर्फ आकाश डोम (19), आशु कुमार उर्फ आशु चंद्रवंशी (18) और सुनीता देवी (45) शामिल हैं। सभी आरोपियों के पास से भारी मात्रा में सोने और चांदी के जेवरात, साथ ही चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस कार्रवाई और जांच टीम
पलामू एसपी रिष्मा रमेशन के निर्देश पर डालटनगंज एसडीपीओ राजीव रंजन के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इस टीम में डालटनगंज और चैनपुर थाना की पुलिस, टेक्निकल सेल और टाइगर मोबाइल के जवान शामिल थे। पुलिस को 12 जनवरी की रात गश्ती के दौरान संदिग्ध लोगों की सूचना मिली। टीम ने छापेमारी कर आरोपियों को चोरी के औजारों के साथ पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे रात के समय बंद घरों की रेकी कर ताला तोड़कर जेवरात और नकदी की चोरी करते थे।
गिरोह की 14 वारदातें
आरोपियों ने डालटनगंज, चैनपुर, गढ़या, गढ़वा और उत्तर प्रदेश के दुद्धी थाना क्षेत्र में 14 वारदातों को अंजाम देने की बात मानी। पुलिस की निशानदेही पर चोरी किए गए जेवरात बरामद किए गए। इनमें मंगलसूत्र, झुमके, अंगूठी, मंगटीका, चैन, लॉकेट, नथ, बिछिया, पायल और पुराने चांदी के सिक्के शामिल हैं।
आपराधिक इतिहास और आगे की कार्रवाई
एसपी ने बताया कि राजा कुमार पर पहले से 7 मामले दर्ज हैं, लक्की कुमार पर 1 और आकाश कुमार पर 2 पुराने मामले दर्ज हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस ने कहा कि गिरोह से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
इसे भी पढ़ें : कल्पना सोरेन जाएंगी दावोस, दुनिया को बताएंगी झारखंड की महिलाओं की ताकत



